स्कूल चलो अभियान भी होगा संचालित
नए सत्र के साथ विद्यार्थियों के शत प्रतिशत नामांकन के लिए स्कूल चलो अभियान भी चलाया जाएगा। यह अभियान दो चरणों में आयोजित होगा। पहले चरण में एक से 15 अप्रैल तक अभियान चलेगा। जिला स्तर पर जिलाधिकारी की अध्यक्षता में कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा, जिसमें प्रभारी मंत्री, सांसद, विधायक, विधान परिषद सदस्य, जिला पंचायत सदस्य, नगर निकाय प्रतिनिधि, मुख्य विकास अधिकारी और अन्य अधिकारी शामिल होंगे।
ट्रांजिशन रजिस्टर में दर्ज होगा विवरण
प्रत्येक उच्च प्राथमिक विद्यालय में ट्रांजिशन रजिस्टर रखा जाएगा। इसमें पिछले शैक्षिक सत्र में कक्षा आठ उत्तीर्ण करने वाले विद्यार्थियों का विवरण और उनके द्वारा कक्षा नौ में प्रवेश लेने की स्थिति दर्ज की जाएगी।
इसी तरह प्रत्येक हाईस्कूल में भी ट्रांजिशन रजिस्टर रखा जाएगा, जिसमें कक्षा दस उत्तीर्ण करने वाले विद्यार्थियों का विवरण और उनके कक्षा ग्यारह में प्रवेश की जानकारी दर्ज की जाएगी।
फीडर विद्यालय की व्यवस्था
प्रत्येक राजकीय और सहायता प्राप्त माध्यमिक विद्यालय के लिए पांच किलोमीटर की परिधि में स्थित उच्च प्राथमिक विद्यालय को फीडर विद्यालय के रूप में चिह्नित किया जाएगा। इन फीडर विद्यालयों से कक्षा आठ उत्तीर्ण करने वाले विद्यार्थियों को संबंधित माध्यमिक विद्यालय में कक्षा नौ में प्रवेश दिया जाएगा। केवल अभिभावक के अनुरोध पर किसी अन्य विद्यालय में प्रवेश लेने की अनुमति दी जाएगी।
दूसरे चरण में भी चलेगा अभियान
पहले चरण में जो विद्यार्थी नामांकन से छूट जाएंगे, उनके लिए दूसरा चरण एक से 15 जुलाई तक चलाया जाएगा। इसमें कक्षा आठ उत्तीर्ण करने वाले विद्यार्थियों को कक्षा नौ और कक्षा दस उत्तीर्ण करने वाले विद्यार्थियों को कक्षा ग्यारह में प्रवेश दिलाया जाएगा। मंडलीय संयुक्त शिक्षा निदेशक ओंकार शुक्ला ने अभियान को सफल बनाने के लिए अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए हैं।