मेरठ। नवीन गल्ला मंडी, सब्जी मंडी तथा फल मंडी को पूर्व की भांति सप्ताह में छह दिन खोले जाने की मांग को लेकर बृहस्पतिवार को व्यापारी नेता सिटी मजिस्ट्रेट और मंडी सचिव से मिले। उनका कहना है कि सप्ताह में तीन दिन मंडी खोले जाने से व्यापारियों को भारी नुकसान हो रहा है। वैसे भी इस समय मंडी में भीड़ नहीं पहुंच रही है।
नवीन खाद्यान्न मंडी एसोसिएशन अध्यक्ष मनोज गुप्ता, सब्जी मंडी एसोसिएशन से अशोक प्रधान और पदम सिंह सैनी तथा फल मंडी एसोसिएशन अध्यक्ष इरशाद अहमद सिटी मजिस्ट्रेट सत्येंद्र सिंह और मंडी सचिव नरेंद्र कुमार से मिले। व्यापारियों ने कहा कि लॉकडाउन के दौरान व्यापारियों को भारी नुकसान हो चुका है। अब इसकी भरपाई के लिए प्रशासन को चाहिए कि खाद्यान्न, सब्जी और फल मंडी को नियमित रूप से खोलने की अनुमति दे। व्यापारियों ने कहा कि खाद्यान्न मंडी को सुबह 9:00 शाम 6:00 बजे तक, सब्जी मंडी को रात्रि में 8:00 से सुबह 3:00 बजे तक तथा फल मंडी को सुबह 4:00 से 9:00 बजे तक खोलने की अनुमति दी जाए। जिससे व्यापारी ठीक से कारोबार कर सकें। जिस पर सिटी मजिस्ट्रेट ने व्यापारियों को आश्वासन दिया कि शीघ्र ही इस पर निर्णय लिया जाएगा।