मेरठ। जिले के विकास का खाका तैयार हो चुका है और अब उस पर औपचारिक मुहर लगना बाकी है। 21 फरवरी को जिला पंचायत अध्यक्ष की ओर से बुलाई गई बोर्ड बैठक में कई अहम प्रस्तावों पर निर्णय लिया जाएगा। एजेंडे में ग्रामीण विकास कार्यों के साथ-साथ स्वच्छ भारत मिशन, विभागीय संपत्तियों के रखरखाव और आगामी नौचंदी मेले की तैयारियों से जुड़े बजट प्रस्ताव शामिल हैं।
मार्च 2026 में होली के बाद दूसरे रविवार से शुरू होने वाला मेरठ का प्रसिद्ध नौचंदी मेला इस बार जिला पंचायत की देखरेख में आयोजित होगा। मेले के सफल आयोजन को लेकर वित्तीय प्रावधान और व्यवस्थाओं पर भी बोर्ड की सहमति ली जाएगी। बैठक का एजेंडा अपर मुख्य अधिकारी वी.एस. कुशवाहा की ओर से जारी किया गया है। बैठक की शुरुआत पिछली बोर्ड बैठक में पारित प्रस्तावों की पुष्टि से होगी। इसके बाद पंचम राज्य वित्त आयोग और 15वें वित्त आयोग से वर्ष 2026-27 में मिलने वाले बजट के अंतर्गत प्रस्तावित विकास कार्यों को सदस्यों के सामने रखा जाएगा। बोर्ड की स्वीकृति मिलते ही करोड़ों रुपये की योजनाओं पर अमल शुरू हो सकेगा।
ग्रामीण क्षेत्रों में स्वच्छता व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए जिला पंचायत प्रशासन ने कूड़ा गाड़ियां खरीदने और आउटसोर्स आधार पर चालक एवं परिचालकों की नियुक्ति का प्रस्ताव तैयार किया है। उद्देश्य है कि मंडपों, फैक्ट्रियों और बाजारों से निकलने वाला कूड़ा खुले में न पड़ा रहे और स्वच्छ भारत मिशन का संदेश प्रभावी ढंग से लागू हो। इसके अलावा देहात में संपर्क मार्गों के निर्माण का प्रस्ताव भी एजेंडे में शामिल है, जिससे ग्रामीण क्षेत्रों की आवाजाही सुगम हो सके। आगामी पंचायत चुनावों को ध्यान में रखते हुए आधारभूत ढांचे को मजबूत करने पर विशेष जोर दिया जा रहा है। बोर्ड बैठक में कुछ कर्मचारियों की पदोन्नति से जुड़े मामलों पर भी विचार किया जाएगा। कुल मिलाकर 21 फरवरी की बैठक जिले के विकास और नौचंदी मेले की तैयारियों के लिहाज से अहम मानी जा रही है