नौचंदी थाना क्षेत्र के ढबाई नगर में नाले के किनारे पर लकड़ी रखने को लेकर शुक्रवार शाम दो पक्षों संघर्ष हो गया। एक पक्ष ने घर में घुसकर मारपीट करते हुए धारदार हथियार से हमला कर दिया। महिलाओं को घसीटकर पीटा गया, उसके बाद महिलाओं ने एक दूसरे पर पथराव किया तो भगदड़ मच गई। इस दौरान हवाई फायरिंग भी की गई। मारपीट और पथराव में करीब 12 लोग घायल हो गए।
ढबाई नगर निवासी नईमुद्दीन अंसारी और हाजी नन्ने लकड़ी व्यापारी हैं। नईमुद्दीन की ढबाई नगर में स्टंप और गिल्ली बनाने की फैक्ट्री है। शुक्रवार शाम करीब चार बजे हाजी नन्ने पक्ष के लोग नाले के किनारे पर खाली पड़ी जमीन पर लकड़ी रख रहे थे। उसी समय पड़ोस में रहने वाले लोगों ने नाले के किनारे की जमीन को अपनी बताकर लकड़ी रखने से मना कर दिया। इस पर दोनों पक्षों में कहासुनी हो गई। आरोपी पक्ष के युवक ने फोन करके दर्जनों लोगों को बुला लिया। इसके बाद उन्होंने हाजी नन्ने और नईमुद्दीन के घर में घुसकर हमला बोल दिया। महिलाओं से खींचतान करते हुए उन्हें गिराकर पीटा गया। घर में रखे सामान में तोड़फोड़ कर दी। जिसके बाद दोनों पक्षों के लोग आमने-सामने आ गये और एक दूसरे पर पथराव कर दिया। आरोपी पक्ष के लोगों ने तमंचे से दो राउंड फायरिंग कर दी। जिससे मौके पर भगदड़ मच गई। सूचना पर यूपी 100 और नौचंदी पुलिस मौके पर पहुंची और घटना की जानकारी ली। पीड़ित पक्ष के लोगों ने कार्रवाई को लेकर पुलिस के सामने हंगामा कर दिया। पुलिस ने घायलों को जिला अस्पताल भेज दिया। मारपीट में नईमुद्दीन, दानिश, शम्शुद्दीन, साकिब, फिरोजा, जमालुद्दीन, आसिफ, फरमान, जुनैद और दो अन्य युवती को चोट लगी है। वहीं आरोपी पक्ष के तीन लोग भी मारपीट में घायल हुए हैं। नईमुद्दीन पक्ष ने एक दर्जन लोगों के खिलाफ नौचंदी में तहरीर दी है। इंस्पेक्टर नौचंदी एसके राणा का कहना है तहरीर के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।
थाने में चली पंचायत
नौचंदी थाने में रात में दोनों पक्षों में पंचायत चली। जिसमें आरोपी पक्ष के लोगों ने माफी मांगने की बात कही तो पुलिस समझौता कराने में लग गई। पुलिस ने दोनों पक्षों पर ही शांतिभंग में कार्रवाई की बात कही।