सीबीएसई की नेशनल स्वीमिंग चैंपियनशिप का शनिवार को समापन हो गया। आखिरी दिन 50, 100 और 200 मीटर के इवेंट हुए। बीवीपीएस राजेंद्रनगर चैंपियन बना।
कैलाश प्रकाश स्टेडियम में सुबह से दोपहर एक बजे तक तैराकों ने अपना दम दिखाया। शाम को करन स्कूल में समापन समारोह हुआ। केंद्रीय कृषि राज्यमंत्री डॉ. संजीव बालियान ने पुरस्कार वितरण किया। क्षेत्रीय क्रीड़ा अधिकारी मुद्रिका पाठक, स्कूल निर्देशिका निर्मल सिंह, चेयरमैन करनवीर सिंह, सचिव भानु प्रताप, प्रिंसिपल प्रीति जोशी ने मुख्य अतिथि का स्वागत किया। चैंपियनशिप में ओवरऑल विजेता की ट्रॉफी बाल भारती पब्लिक स्कूल राजेंद्र नगर की टीम ने जीती। गर्ल्स कैटेगरी में डीपीएस नोएडा की टीम ओवरऑल विनर एवं ब्वॉयज में गेटवे स्कूल हरियाणा के तैराकों ने बाजी मारी। संचालन सुशील त्यागी, अजय चौहान व स्टाफ का रहा।
सांस्कृतिक संध्या ने बांधा समां
समापन समारोह पर करण पब्लिक स्कूल के विद्यार्थियों ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से समां बांध दिया। छात्रों ने गीत, संगीत व लोकनृत्यों की प्रस्तुतियां दीं।
मंत्री के सामने खाली हुआ पंडाल
करन पब्लिक स्कूल में समापन समारोह क ा वक्त शाम 4 बजे तय था। पंडाल में खेल और आयोजनकर्ता मुख्य अतिथि का इंतजार कर रहे थे। लेकिन माननीय मंत्री 5.30 बजे मौके पर पहुंचे। तब तक बाहर से आए कई खिलाड़ी लौट गए। आयोजन कर्ताआें ने भी पुरस्कार वितरण प्रारंभ कर दिया। विजेता टीमें पुरस्कार लेकर वापस चली गईं। मंत्री ने प्रथम तीन विजेता टीमों को सम्मानित किया, तब तक पंडाल लगभग पूरा खाली हो चुका था। सीबीएसई स्कूलों के प्राचार्य व सहोदय की इकाइयों के सदस्य भी अंतिम दिन आयोजन में नजर नहीं आए।