भारतीय किसान यूनियन के राष्ट्रीय अध्यक्ष चौधरी नरेश टिकैत
- फोटो : अमर उजाला
शामली के झिंझाना क्षेत्र के गांव मछरौली में पहुंचे भारतीय किसान यूनियन के राष्ट्रीय अध्यक्ष चौधरी नरेश टिकैत ने कहा कि सरकार किसानों को गणतंत्र दिवस की परेड में शामिल होने की अनुमति दे। उनके ट्रैक्टरों को भी परेड में शामिल किया जाए। किसान आंदोलन पर कहा कि यदि सरकार दो कदम पीछे हटे तो किसान भी कुछ रास्ता निकालेंगे। भाकियू अध्यक्ष के आने से पुलिस भी सतर्क रही।
भाकियू अध्यक्ष नरेश टिकैत ने गुरुवार को दोपहर क्षेत्र के गांव मछरौली में खाप थांबेदार चौधरी धारा सिंह की रस्म तेरहवी पर पहुंचे। उन्होंने चौधरी धारा सिंह के बड़े पुत्र रण सिंह को थांबेदार की पगड़ी बांधी। लौटते समय नरेश टिकैत सींगरा गांव में रह रहे सिसौली निवासी अपने ही परिवार के अमित बालियान के घर पहुंचे और परिवार की कुशलक्षेम जानने के बाद पत्रकारों से वार्ता की।
भाकियू अध्यक्ष ने किसानों के आंदोलन को लेकर कहा कि सरकार हठधर्मिता दिखा रही है। सड़कों पर बैठे किसानों की मांग पर कृषि कानूनों को वापस नहीं ले रही है लेकिन किसान भी अपनी बात को लेकर अड़े हैं और जब तक काला कानून वापस नहीं होगा पीछे नहीं हटेंगे। उन्होंने कहा कि सरकार से हमारी मांग है कि आने वाले गणतंत्र दिवस की परेड में किसानों को भी मौका दिया जाना चाहिए। किसानों की हकीकत को जानकर उनके ट्रैक्टर भी परेड मे शामिल किए जाएं।
उन्होंने कहा कि सरकार अगर कुछ कदम पीछे हटे तो किसान भी कुछ बीच का रास्ता निकालेंगे। भाकियू अध्यक्ष के आने की सूचना पर पुलिस की सतर्क रही और उनके जाने के बाद राहत की सांस ली। इस मौके पर हरेंद्र बालियान, ओमपाल सिंह, रेशपाल बालियान, इनाम, दरयाव सिंह आदि मौजूद रहे।