मेरठ साउथ के बाद शहर में शताब्दीनगर, बेगमपुल और मोदीपुरम स्टेशन हैं। इन सभी स्टेशन पर काम तेजी से चल रहा है।शहर में मेरठ साउथ स्टेशन रैपिड कॉरिडोर का पहला स्टेशन है। अभी स्टेशन पर फिनिशिंग का काम हो रहा है। इसके बाद शॉप्रिक्स मॉल के सामने शताब्दीनगर स्टेशन है।
यहां 800 वाहन खड़े करने की क्षमता की पार्किंग बनाई जा रही है। इस स्टेशन पर यात्रियों की सुविधा के लिए सड़क के दोनों ओर दो प्रवेश-निकास द्वार निर्मित किए गए हैं। बता दें कि 27 जून से सराय काले खां से मोदीपुरम तक सफल ट्रायल रन शुरू हो चुका है। नमो भारत रैपिड ट्रेन और मेट्रो का ट्रायल हुआ।
नौ फरवरी को शुरू हुआ था ट्रायल रन
नौ फरवरी से शताब्दीनगर तक नमो भारत का ट्रायल रन शुरू किया गया था, मगर अब तक शहर के अंदर संचालन नहीं हुआ। अब गुरुवार देर शाम जिला प्रशासन को संचालन की तैयारियां करने के निर्देश मिल गए। हालांकि प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री के आगमन का अधिकारिक कार्यक्रम अभी जारी नहीं हुआ है।
संभावना जताई जा रही है कि दोपहर 12 बजे पीएम नरेंद्र मोदी सराय काले खां दिल्ली से हरी झंडी दिखाकर नमो भारत रैपिड ट्रेन में सवार होकर मोदीपुरम तक सफर करेंगे। मुख्यमंत्री योगी भी साथ रहेंगे। वहां से वापस आते हुए शताब्दीनगर में माधवकुंज के पास जनसभा को भी संबोधित करेंगे।
वर्ष 2014 में पीएम ने मेरठ से ही किया था शंखनाद
वर्ष 2014 में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने चुनाव का शंखनाद यहीं जनसभा करके किया था। वहीं, एनसीआरटीसी के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी पुनीत वत्स का कहना है कि ट्रेन का जल्द ही संचालन किया जाएगा। अधिकांश स्टेशनों पर काम पूरा हो गया है। फिनिशिंग का काम अंतिम चरण में है।
रैपिड-मेट्रो के कॉमन स्टेशन और स्टॉपेज : मेरठ में मेरठ साउथ, शताब्दी नगर, बेगमपुल और मोदीपुरम स्टेशनों पर आरआरटीएस के साथ मेट्रो सेवाएं उपलब्ध होंगी।
एडीजी ने ली बैठक कड़ी सुरक्षा के दिए निर्देश
शहर में नमो भारत के संचालन को हरी झंडी के लिए पीएम नरेंद्र मोदी के संभावित आगमन और राज्यपाल आनंदी बेन पटेल के पहले से प्रस्तावित कार्यक्रमों के मद्देनजर बृहस्पतिवार को एडीजी भानु भास्कर ने अधिकारियों के साथ बैठक कर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के निर्देश दिए।
एडीजी ने अपने कार्यालय के सभागार में बैठक की। उन्होंने बताया कि राज्यपाल 20 सितंबर की शाम को मेरठ आ जाएंगी। यहां रात्रि विश्राम के बाद 21 सितंबर को मोदीपुरम कृषि विवि के दीक्षांत समारोह में और 22 सितंबर को चौधरी चरण सिंह विवि के दीक्षांत समारोह में शामिल होंगी।
पुलिस और एलआईयू ने शताब्दीनगर, रिठानी में घर-घर जाकर की जांच
पुलिस और एलआईयू की टीमों ने गुरुवार रात परतापुर क्षेत्र के शताब्दीनगर, रिझानी, रिठानी में घरों में गहन चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान बाहर से आकर यहां रहने वालों और किरायदारों का ब्यौरा तैयार किया गया।
सभी के नाम, पते, फोन नंबर लिए गए। रात दस बजे के बाद तक चेकिंग अभियान चलता रहा। इस दौरान बिजली भी चली गई, बावजूद इसके पुलिस की चेकिंग चलती रही। जानकारी के अनुसार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का जल्द मेरठ में दौरा होना प्रस्तावित है। यह शताब्दी नगर के पास ही जनसभा को भी संबोधित कर सकते हैं।