- परतापुर से दादरी तक हाईवे किनारे बड़ी संख्या में हैं होटल और ढाबे
संवाद न्यूज एजेंसी
मोदीपुरम (मेरठ)। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश के बाद दिल्ली-देहरादून हाईवे-58 पर संचालित अधिकांश ढाबों और भोजनालयों पर संचालकों ने अपने नाम वाले बोर्ड लगा दिए हैं। जिन ढाबों पर अभी बोर्ड नहीं लगे हैं, वहां भी लगाने की तैयारी चल रही है।
परतापुर से दादरी तक हाईवे किनारे सैकड़ों ढाबे, होटल और भोजनालय संचालित हैं। हर वर्ष कांवड़ यात्रा के दौरान इन स्थानों पर बड़ी संख्या में शिवभक्त भोजन और विश्राम के लिए रुकते हैं। इसे देखते हुए प्रशासन ने व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने पर विशेष जोर दिया है। पुलिस और स्थानीय प्रशासन की टीमें लगातार हाईवे का निरीक्षण कर रही हैं। निरीक्षण के दौरान ढाबों पर साफ-सफाई, पेयजल, शौचालय, पार्किंग और सुरक्षा व्यवस्थाओं की जांच की जा रही है।
संचालकों को निर्देश दिए गए हैं कि परिसर में स्वच्छता बनाए रखें और यात्रियों को किसी प्रकार की असुविधा न होने दें। कांवड़ यात्रा के दौरान हाईवे पर श्रद्धालुओं की संख्या कई गुना बढ़ जाती है। ऐसे में सभी ढाबा संचालकों को शासन के निर्देशों का पालन करने और आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए कहा गया है। जिन स्थानों पर कमियां मिलेंगी, वहां तत्काल सुधार कराया जाएगा। सीओ दौराला शिव ठाकुर ने बताया कि यात्रा के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के साथ ही शिवभक्तों की सुरक्षा और सुविधा सर्वोच्च प्राथमिकता रहेगी। हाईवे पर लगातार निगरानी रखी जाएगी, ताकि हरिद्वार से गंगाजल लेकर लौट रहे कांवड़ियों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।