राष्ट्रीय लोकदल महिला प्रकोष्ठ के कार्यकर्ता सम्मेलन में अधिक से अधिक महिलाओं को पार्टी से जोड़ने का आह्वान
फोटो समाचार
माई सिटी रिपोर्टर
मेरठ। महिलाएं केवल वोटर नहीं, बल्कि परिवर्तन की सबसे बड़ी शक्ति हैं। जब महिलाएं संगठित होकर आगे बढ़ती हैं तो संगठन और समाज दोनों मजबूत होते हैं। महिलाओं को साथ लेकर रालोद मजबूत हो रहा है। आने वाले चुनावों में महिलाओं का बड़ा प्रतिनिधित्व होगा।
यह बात राष्ट्रीय लोकदल की राष्ट्रीय सचिव व पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष रमा नागर ने एनएच 58 पर एक फार्म हाउस में आयोजित राष्ट्रीय लोकदल महिला प्रकोष्ठ के कार्यकर्ता सम्मेलन में बतौर मुख्य अतिथि कही। उन्होंने सभी महिलाओं से राष्ट्रीय लोकदल की नीतियों एवं विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाने और अधिक से अधिक महिलाओं को पार्टी से जोड़ने का आह्वान किया।
रालोद महिला प्रकोष्ठ की राष्ट्रीय महासचिव एवं पश्चिमी उत्तर प्रदेश एवं हरियाणा प्रभारी ऋचा सिंह ने कहा कि सम्मेलन का उद्देश्य महिलाओं में संगठन में नई ऊर्जा का संचार करना, उन्हें नेतृत्व के लिए प्रेरित करना है।
रालोद के क्षेत्रीय अध्यक्ष तरसपाल मलिक ने कहा कि राष्ट्रीय लोकदल की सबसे बड़ी ताकत उसके समर्पित कार्यकर्ता हैं। जिला अध्यक्ष अंजू रानी ने कहा कि महिला प्रकोष्ठ गांव-गांव एवं बूथ स्तर तक संगठन का विस्तार करेगा और महिलाओं को संगठन में सम्मानजनक एवं सक्रिय भूमिका दिलाने का कार्य करेगा।
महिला प्रकोष्ठ की क्षेत्रीय अध्यक्ष इंद्राणी त्यागी ने संगठन का विस्तार करते हुए राजबाला को क्षेत्रीय उपाध्यक्ष तथा मरियम शाह जिलानी को क्षेत्रीय महासचिव पद की जिम्मेदारी सौंपी। कार्यक्रम का संचालन महिला प्रकोष्ठ की प्रदेश उपाध्यक्ष दीपमाला चौधरी और कुलवंत सोलंकी ने संयुक्त रूप से किया। इस अवसर पर महानगर अध्यक्ष वीना पुनिया, शिवानी खत्री, कृष्णा, सुनीता मलिक, नीलम तोमर सहित बड़ी संख्या में महिला पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहीं।