हंगामे के बीच नगर पंचायत की बोर्ड बैठक रही बेनतीजा
लावड़। नगर पंचायत लावड़ में शनिवार को मासिक बोर्ड बैठक का आयोजन किया गया। बैठक शुरू होते ही हंगामे का दौर शुरू हो गया। सभासदों ने नगर पंचायत के नए प्रस्ताव खारिज करते हुए पहले से चल रहे विकास कार्य पूरे कराए जाने की मांग की। वहीं, सभासदों द्वारा रखी गई दो कर्मचारियों को हटाए जाने की मांग को ठुकरा दिया गया। इस पर बैठक बेनतीजा खत्म हो गई।
चेयरपर्सन अनीसा हारून की अध्यक्षता में नगर पंचायत लावड़ में बोर्ड बैठक हुई। जिसमें सुरक्षा की दृष्टि से पुलिस बल भी तैनात रहा। बैठक में बाबू असलम ने नए प्रस्ताव सभासदों के समक्ष रखे। परंतु सभासदों ने पूर्व में पास हुए विकास कार्यों को पूरा कराने की मांग करते हुए नए प्रस्ताव खारिज कर दिए। काफी देर तक बहस चली।
इस बीच सभी सभासदों ने बाबू असलम, कर्मचारी नरेश को सस्पेंड किए जाने व ठेका कर्मचारियों का जीओ उपलब्ध कराने का मांगपत्र बैठक में रखा, जिसे चेयरपर्सन ने खारिज कर दिया। इस पर सभासदों ने अपना पत्र वापस ले लिया। पत्र वापस लेने के बाद चेयरपर्सन बैठक छोड़कर चली गई, जिस पर बैठक बेनतीजा खत्म हो गई। सभासदों ने अपना मांगपत्र जल्द जिलाधिकारी को सौंपे जाने की बात कही है।
बैठक में पंडित चंद्रकांत शर्मा, लाल सिंह, रामानंद, अतीक, आसिफ, मौ. अकिल, मौ. कामिल, यादराम जाटव, शहजाद, सुभाष सैनी, मौ. हारून, देवेंद्र, चमन आदि मौजूद रहे।