मेरठ। रंगदारी न देने पर किशोरी को अगवा करने की धमकी देने के आरोपी नईम उर्फ मूली को ब्रह्मपुरी पुलिस ने बृहस्पतिवार को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी की गिरफ्तारी न होने पर एसएसपी ने थाना प्रभारी राजीव कुमार को हटा दिया था। इंस्पेक्टर रमाकांत पचौरी ने चार्ज संभालते ही आरोपी को दबोच लिया।
थाना क्षेत्र की एक महिला ने बताया कि नईम उर्फ मूली के खिलाफ उसके पिता ने वर्ष 2020 में एक मुकदमा दर्ज कराया था। इसके बाद आरोपी उनके परिवार से रंजिश रखने लगा। आरोप है कि 18 जनवरी की दोपहर उनकी नाबालिग बेटी को ट्यूशन जाते समय अपने साथियों के साथ मिलकर पकड़ लिया और छेड़छाड़ की। बेटी के शोर मचाने पर आरोपी तमंचा लहराते हुए भाग निकले। 19 जनवरी को आरोपी और उसके बेटे चांद ने महिला और उसकी पुत्री को रास्ते में रोक लिया। दोनों ने एक लाख रुपये की रंगदारी मांगी। रंगदारी न देने पर बेटी को अगवा करने की धमकी दी। रिपोर्ट दर्ज होने के बाद भी ब्रह्मपुरी पुलिस ने कार्रवाई नहीं की। पीड़ित ने एसएसपी और डीआईजी से शिकायत की थी।