मेरठ। पच्चीस हजार रुपये के इनामी कादिर बड्ढा को पुलिस गिरफ्तार नहीं कर पाई और उसने बृहस्पतिवार को कोर्ट में आत्मसमर्पण कर दिया। कादिर के खिलाफ मेडिकल थाने में जेल में वीडियो बनाकर वायरल करने का मुकदमा दर्ज हुआ था जबकि मुंडाली में धमकाने का मुकदमा भी दर्ज हुआ था।
गांव कायस्थ बड्ढा निवासी कादिर पुत्र आबिद अली पर एसएसपी ने यह इनाम घोषित किया था। उसके परिवार की अवैध तरीके से कमाई गई संपत्ति की जांच के भी निर्देश दिए गए हैं। करीब एक सप्ताह पहले मुंडाली के जिसौरी निवासी साजिद ने कादिर के खिलाफ जान से मारने की धमकी देने का मुकदमा कराया गया था। इसके साथ ही जेल में वीडियो बनाकर वायरल करने का भी मामला उसके खिलाफ दर्ज था। मुकदमा वापस लेने का दबाव बनाने के लिए कादिर कार में सवार होकर कुछ दिन पहले साजिद के घर जिसौरी पहुंचा था।
यहां उसने धमकी दी कि यदि मुकदमा वापस नहीं लिया गया तो वह हत्या करा देगा। साजिद की ओर से कादिर के खिलाफ मुंडाली में केस दर्ज किया गया था। एसएसपी के आदेश पर मुंडाली और मेडिकल थाने की पुलिस आरोपी की गिरफ्तारी के लिए दबिश दे रही थी, लेकिन वह पकड़ में नहीं आया। अब उसने कोर्ट में आत्मसमर्पण किया है।