ब्रह्मपुरी नाले के पास शनिवार दोपहर को चाऊमीन खा रहा युवक ओडियन नाले में गिर गया। लोगों ने शोर मचाया तो भीड़ जुट गई। मौके पर पहुंची पुलिस लगभग पौन घंटे तक तमाशबीन बनी रही। तीन युवकों ने नाले में उतरकर युवक को तलाश प्रयास किया, लेकिन वह सफल नहीं हो सके। लोगों ने पुलिस और नगर निगम के खिलाफ हंगामा कर दिया। इस पर नगर निगम की जेसीबी ने नाले में सर्च अभियान चलाया तो पौन घंटे बाद युवक मिला, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।
पुलिस के मुताबिक जावेद (30) पुत्र अब्दुल जहीर निवासी लिसाड़ी गेट शनिवार दोपहर ब्रह्मपुरी थाने के पास एक ठेले से चाऊमीन लेकर खा रहा था। इस दौरान अचानक युवक नाले में गिर गया। लोगों के शोर मचाने पर थाना पुलिस भी मौके पर पहुंची। नाले की गहराई और दलदल अधिक होने के कारण लोग नाले में घुसने से बचते रहे। बाद में भूमिया पुल निवासी सलीम और राजू और एक अन्य युवक नाले में उतरे और जावेद को तलाशा, लेकिन उसका कुछ पता नहीं चला। इस पर लोगों ने हंगामा कर दिया। इस पर नगर निगम की टीम जेसीबी लेकर मौके पर पहुंची। पौन घंटे की मशक्कत के बाद जेसीबी की सहायता से जावेद को नाले से निकाला जा सका। युवक बोल नहीं रहा था और उसका पूरा शरीर कीचड़ में सना हुआ था। आनन फानन में पुलिस युवक को पास में स्थित निजी अस्पताल में ले गई जहां डॉक्टरों ने युवक को मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने युवक के शव को पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी भेज दिया। मौत का पता चलते ही परिजनों में कोहराम मच गया।
मौत बन रहे खुले नाले
शहर में खुले नाले मौत का कारण बन रहे हैं। दो साल पहले दिल्ली रोड स्थित मोहकमपुर के पास नाले में गिरकर एक बच्चे की मौत हो गई। पिछले साल भी टीपीनगर निवासी युवक की बाइक समेत नाले में गिरने से मौत हो गई थी। रोहटा फ्लाईओवर के पास भी एक युवक की नाले में गिरकर मौत हो चुकी। राजेंद्र नगर में एक युवक और आठ माह पहले अम्हेड़ा रोड पर तीन साल की बच्ची की नाले में गिरकर जान गंवा चुके हैं। ब्रह्मपुरी क्षेत्र में दस दिन पहले एक तीन साल की बच्ची की भी नाले में गिरने से मौत हो गई।