यूपी के मुजफ्फरनगर में सड़क किनारे टूटे पड़े खंभे पर कब्जा जताने को लेकर दो पक्षों में कहासुनी के बाद संघर्ष हो गया। इसमें महिलाओं सहित आठ लोग घायल हो गए। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर बामुश्किल स्थिति को संभाला। घटना को लेकर गांव में तनाव व्याप्त है।
ककरौली क्षेत्र के गांव चौरावाला में मोरना-जानसठ मार्ग पर स्थित तालाब के पास खंभा टूटा पड़ा था जिसको ग्रामीणों द्वारा उठाने पर दूसरे पक्ष ने विरोध किया। इसी कहासुनी को लेकर रुस्तम पक्ष व कुतुबुदीन पक्ष में लाठी डंडे और धारदार हथियार चल गए। हमले में रुस्तम पक्ष के अरशद, इस्तकार, जीशान, महरुबा, राशिद, फरीद और अपने मामा के घर आई तीन वर्षीय बालिका सिदरा निवासी बसेड़ा थाना छपार भी घायल हो गई।
वहीं रुस्तम पक्ष ने दूसरे पक्ष के कुतुबुदीन, गुड्डू, महताब, मिंटू, मोइनुदीन पर जानलेवा हमला करने के आरोप लगाए हैं। मोरना व जानसठ मार्ग पर जिस समय संघर्ष हो रहा था। इस दौरान ट्रैक्टर चालक राशिद भी हमले में घायल हो गया।