ग्राम प्रधान ने पहले से तेल रिसाव होने का लगाया आरोप
ग्राम प्रधान फैसल के अनुसार, गांव में लगा ट्रांसफार्मर पिछले कई दिनों से तेल का रिसाव कर रहा था। इस संबंध में जसोई बिजलीघर पर कई बार शिकायत भी दर्ज कराई गई थी। उनका आरोप है कि ऊर्जा निगम के जेई और अन्य कर्मचारियों ने शिकायतों को गंभीरता से नहीं लिया। इसी बीच ट्रांसफार्मर में धमाका हो गया और तीन लोग इसकी चपेट में आ गए।
गांव के सभी ट्रांसफार्मरों की जांच कराने की मांग
ग्राम प्रधान फैसल ने बताया कि गांव से 11 हजार वोल्ट की बिजली लाइन गुजरती है। इसके अलावा गलियों और घरों के ऊपर भी छोटे-छोटे ट्रांसफार्मर लगे हुए हैं। उन्होंने गांव में लगे सभी ट्रांसफार्मरों की सुरक्षा जांच कराने की मांग की है।
फैसल ने कहा कि बिजली उपकरणों की नियमित जांच होनी चाहिए, ताकि भविष्य में इस तरह के हादसों को रोका जा सके। उन्होंने ट्रांसफार्मर से तेल रिसाव की शिकायतों पर कथित लापरवाही बरतने वाले कर्मचारियों के खिलाफ भी सख्त कार्रवाई की मांग की है।