मुजफ्फरनगर में दिनदहाड़े मंगलवार को हथियारबंद बदमाशों ने शहर कोतवाली क्षेत्र के गांव पीनना में सर्वयूपी ग्रामीण बैंक में मैनेजर और दो अन्य कर्मचारियों को बंधक बनाकर 7.56 लाख कैश लूट लिया। बदमाश स्टाफ को कैश रूम में बंद कर फरार हो गए। बैंक लूट की सूचना पर डीआईजी और एसएसपी ने मौके का मुआयना किया। एसएसपी ने कार्य के प्रति लापरवाही बरतने के आरोप में चौकी इंचार्ज समेत तीन पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया है।
घटना के बाद हंगामा
घटना के बाद जानकारी लेती पुलिस
शहर से सटे पीनना गांव में किनौनी मार्ग पर साहब सिंह के मकान में सर्वयूपी ग्रामीण बैंक की शाखा है। शाखा में मैनेजर अशोक राठी, कैशियर रूपक और सफाईकर्मी सहित तीन लोग कार्यरत हैं। मंगलवार की दोपहर करीब 12.45 बजे बाइक सवार तीन बदमाश आए। बाइक खड़ी करने के बाद तीनों बदमाश बैंक में घुस गए। बदमाशों ने पिस्टलों के बल पर आतंकित कर स्टाफ के तीनों लोगों को बंधक बना लिया और उन्हें कैश रूम में ले गए। बदमाशों ने वहां रखा 7.56 लाख कैश लूटने के बाद स्टाफ को वहीं बंद कर बाहर से कुंडी लगाकर फरार हो गए। बदमाशों के जाने के बाद कर्मचारियों ने शोर मचाया। गांव के ही युवक पवन ने बैंक के भीतर पहुंच कर स्टाफ को बंधनमुक्त किया। मैनेजर ने घटना की सूचना पुलिस को दी। एसएसपी अनंतदेव फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने ब्रांच मैनेजर से घटना की जानकारी ली। बैंक मैनेजर ने बताया कि एक बदमाश ने हेलमेट पहन रखा था, जबकि दो ने मुंह ढक रखे थे। सहारनपुर से डीआईजी के. सुनील भी मौके पर पहुंचे और घटना के संबंध में एसएसपी से जानकारी ली। एसएसपी ने फौरी तौर पर कार्य के प्रति लापरवाही बरतने के आरोप में चौकी इंचार्ज सुरेंद्र सिंह, एचसीपी रामकुमार और बीट सिपाही सुनील को निलंबित कर दिया।
शहर से लेकर देश तक की ताजा खबरों को पढ़ने के लिए हमारे इस फेसबुक पेज को लाइक करें
https://www.facebook.com/AuNewsMeerut/