ssp abhishek yadav muzaffarnagar
- फोटो : अमर उजाला
मुजफ्फरनगर के नई मंडी क्षेत्र निवासी एक युवती ने पुलिस ऑफिस पहुंचकर अपने परिजनों से ही जान का खतरा जताते हुए उनके खिलाफ कार्रवाई न होने पर आत्महत्या की धमकी दी। युवती काफी समय से हरिद्वार में प्रेमी संग रह रही है, जिसका उसके परिजन विरोध कर रहे हैं। शाम तक युवती पुलिस ऑफिस पर ही मौजूद थी।
नई मंडी कोतवाली क्षेत्र की कॉलोनी निवासी एक युवती सोमवार सुबह पुलिस ऑफिस पहुंची और अपने बड़े भाई समेत अन्य परिजनों से जान का खतरा जताते हुए उनके खिलाफ कार्रवाई की मांग की। युवती ने इस बाबत प्रार्थनापत्र देकर परिजनों के खिलाफ कार्रवाई नहीं होने पर पुलिस ऑफिस पर ही आत्महत्या करने की धमकी दे डाली।
पुलिस ऑफिस की सूचना पर इंस्पेक्टर नई मंडी टीम के साथ वहां पहुंचे और युवती से वार्ता कर उसे समझाने का प्रयास किया, लेकिन वह नहीं मानी। इंस्पेक्टर ने बताया कि युवती काफी समय से हरिद्वार में रहकर नौकरी कर रही है। वहीं पर उसके किसी युवक से प्रेम-संबंध हो गए और वह उसके साथ रहने लगी।
युवती के परिजनों को इसकी जानकारी मिली तो उन्होंने इसका विरोध किया, जिस पर वह आज परिजनों के खिलाफ कार्रवाई की मांग करते हुए पुलिस ऑफिस जा पहुंची। युवती को काफी समझाया गया, लेकिन वह नहीं मानी। इस पर पुलिस भी बैरंग वहां से लौट गई। देर शाम तक युवती पुलिस ऑफिस पर ही मौजूद थी।