मुजफ्फरनगर-द बर्निंग लव फिल्म शुक्रवार (आज) को देशभर में रिलीज होगी। इस फिल्म को शहरवासी नहीं देख पाएंगे। शहर के सिनेमाघरों ने फिल्म को रिलीज करने से इंकार कर दिया है। इससे फिल्म प्रशंसकों में मायूसी है। वहीं, फिल्म को लेकर पुलिस प्रशासन पूरी तरह अलर्ट है। सिनेमाघरों के साथ मिश्रित आबादी वाले इलाकों में कड़ी निगाह रखी जा रही है।
वर्ष 2013 में हुए सांप्रदायिक दंगों पर आधारित हरीश कुमार द्वारा निर्देशित मुजफ्फरनगर-द बर्निंग लव फिल्म शुक्रवार को रिलीज होगी। इस फिल्म को लेकर पहले भी विवाद रहा है, जबकि वर्तमान में निकाय चुनाव चल रहे हैं। इससे फिल्म प्रदर्शित होने पर आक्रोश बढ़ सकता है। इसे लेकर प्रशासन पूरी तरह से अलर्ट है। शासन और एलआईयू से मिले इनपुट के बाद पुलिस ने मिश्रित आबादी के साथ सिनेमा घर, मॉल के निकट कड़ी चौकसी बढ़ाई गई है। शहर में चार सिनेमाघर संचालित हैं।
मुजफ्फरनगर-द बर्निंग लव को लेकर फिलहाल कोई भी सिनेमा आगे नहीं आ सका है। माया पैलेस के मैनेजर प्रणव ने बताया कि शुक्रवार को उनके यहां फिल्म रिलीज नहीं हो रही है। वह इस मूवी को नहीं दिखा रहे हैं। चंद्रा सिनेमा के मैनेजर आसिफ मिर्जा ने बताया कि मुजफ्फरनगर-द बर्निंग लव उनके सिनेमा हॉल में नहीं दिखाई जाएगी। किन्हीं कारणों से फिल्म के प्रिंट नहीं लिए गए हैं। इसी प्रकार से ब्रज और अंजुमन पैलेस ने भी मूवी के प्रदर्शन पर खामोशी अख्तियार की है। इसके चलते शहर में यह मूवी नहीं दिखाई जाएगी।
पढ़ें : देवर संग रची खतरनाक साजिश, पति को उतारा मौत के घाट
फिल्म प्रशंसकों में मायूसी
मुजफ्फरनगर-द बर्निंग लव फिल्म
- फोटो : अमर उजाला
इसके चलते फिल्म प्रशंसकों में मायूसी है। प्रशासन ने भी इसे लेकर प्रत्येक सिनेमा हॉल संचालक से वार्ता की है, ताकि स्थिति पूरी तरह से साफ हो सके। शहर में फिल्म के प्रदर्शित नहीं होने पर प्रशासन ने राहत की सांस ली है। एसपी सिटी ओमबीर सिंह ने बताया कि मुजफ्फरनगर-द बर्निंग लव को लेकर अलर्ट है। शहर में इस मूवी को कोई सिनेमा हॉल नहीं दिखा रहा है। इसके बाद भी पूरी तरह से चौकसी बरती जाएगी। माहौल बिगाड़ने वालों से सख्ती से निपटा जाएगा।
पढ़ें : ड्राइवर को लगी झपकी और खत्म हो गईं पांच जिंदगियां, देखें तस्वीरें
खुफिया तंत्र अलर्ट, चौकसी बढ़ाई
शहर में भले मूवी नहीं दिखाई जा रही है, लेकिन खुफिया तंत्र पूरी तरह से अलर्ट है। सिनेमाघरों और मिश्रित आबादी वाले अधिकांश क्षेत्रों में कड़ी चौकसी रखी जा रही है। चुनावी माहौल में विरोध स्वरूप इस फिल्म को लेकर स्थिति को परखा जा रहा है।
पद्मावती पर भी संशय बरकरार
संजय लीला भंसाली द्वारा निर्देशित पद्मावती और गेम्स ऑफ अयोध्या फिल्म पर भी शहर में प्रदर्शित होने पर संशय बना है। चूंकि देशभर में पद्मावती को लेकर विरोध उभर रहा है। आठ दिसंबर को आने वाली गेम्स ऑफ अयोध्या फिल्म को लेकर भी कई संगठन विरोध कर रहे हैं।
शहर से लेकर देश तक की ताजा खबरें व वीडियो देखने लिए हमारे इस फेसबुक पेज को लाइक करें
https://www.facebook.com/AuNewsMeerut/