शहर के सिविल लाइन थानाक्षेत्र में सुजड़ू पुलिस चौकी के पास गाड़ियों की एक वर्कशॉप में अचानक आग लग गई। इस दौरान आस पास खड़े अन्य स्कूटर व बाइक भी आग की चपेट में आकर जल गए। इसके बाद कार भी पूरी तरह जल गई। सूचना पर पुलिस व दमकल विभाग की गाड़ी मौके पर दौड़ी और आग पर काबू पाने की कोशिश की। वहीं देखते ही देखते नजदीक बह रहे नाले से भी आग की ऊंची लपटें निकलने लगीं।
यह भी पढ़ें: बिजनौर: एसबीआई के फील्ड ऑफिसर ने खुद को गोली मारकर की आत्महत्या, बाथरूम में मिला शव
जानकारी के मुताबिक नजदीक ही मिट्टी के तेल का गोदम भी है जिससे तेल रिसकर नाले में पहुंच जाता है। यही कारण है कि नाले ने भी आग पकड़ ली। हालांकि आग किस वजह से लगी इसके कारणों का अभी पता नहीं चल सका है। पुलिस जांच पड़ताल में जुटी हुई है।
बताया गया कि सर्कुलर रोड पर नाले के पास रघुवीर शरण, प्रेम कीर्ति शरण का केरोसिन का सरकारी गोदाम है। इसी गोदाम से मिट्टी तेल नाले में बहकर आया। नाले के पास ही कार डेंटिंग-पेंटिंग की वर्कशॉप हैं। वेल्डिंग करते समय चिंगारी गिरने से नाले में फैले तेल में आग लगी।
फायर ब्रिगेड के अधिकारियों का कहना है कि तेल बिखेरा गया। मौके पर सिटी मजिस्ट्रेट अतुल कुमार और आपूर्ति विभाग की टीम पहुंची है। गोदाम मालिक को फोन किया गया लेकिन मालिक नहीं आए। उधर आपूर्ति विभाग ने गोदाम को सीज कर दिया है। डीएसओ का कहना है कि तेल कैसे बहाया गया, इसकी जांच की जा रही है।
गौरतलब है कि मेरठ में लगातार तेल को लेकर आपूर्ति विभाग सर्तक है। अब मिट्टी के तेल के गोदाम से इस तरह तेल रिसकर नाले तक बहने की बात सामने आने पर अब मुजफ्फरनगर भी तेल के काले कारोबार को लेकर शक के घेरे में है।