मुजफ्फरनगर शहर के मोहल्ला रहमतनगर में शादी समारोह से लौट रहे युवकों की मारुति कार अचानक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे रखे ट्रांसफार्मर से टकरा गई। ट्रांसफार्मर से उतरे करंट से कार में आग लग गई, जिससे कार में रखे गैस सिलेंडर के फटने से भीषण रूप ले लिया, जिसने पास के एक होटल को भी चपेट में ले लिया। घटना में कार सवार तीन सगे भाई गंभीर रूप से झुलस गए, जिन्हें आसपास के लोगों ने बमुश्किल कार से निकालकर जिला अस्पताल पहुंचाया। वहां से तीनों को नाजुक हालत में मेरठ रेफर कर दिया गया है।
मंसूरपुर थाना क्षेत्र के गांव मुबारिकपुर निवासी अकबर पुत्र बारू खान मंगलवार दोपहर सगे भाइयों शौकत व मुन्ना खान के साथ शहर के मोहल्ला खालापार में रिश्तेदारी में आयोजित शादी समारोह में मारुति कार से आ रहे थे। गैस सिलेंडर से चल रही कार को अकबर खुद ही चला रहा था। रहमतनगर में अचानक बाइक सवार को बचाने के प्रयास में उनकी कार बेकाबू होकर सड़क किनारे रखे ट्रांसफार्मर से टकरा गई। ट्रांसफार्मर से टकराते ही लाइन चालू होने के कारण कार में आग लग गई, जो बेहद तेजी से फैली और कार की डिग्गी में रखे गैस सिलेंडर तक पहुंच गई। सब कुछ इतनी तेजी से हुआ कि कार सवार तीनों भाइयों को संभलने तक का मौका नहीं मिला और वे कार में ही फंसकर बुरी तरह से झुलस गए। आसपास के लोगों ने बमुश्किल तीनों भाइयों को आग का गोला बन चुकी कार से बाहर निकालकर जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां से उन्हें गंभीर हालत में मेरठ के लिए रेफर कर दिया गया।