फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

भाजपा सांसद और विधायक का पुतला फूंका, चार घंटे लगाया जाम, जबरदस्त हंगामा

Wed, 26 Dec 2018 12:15 AM IST
कपिल kapil न्यूज डेस्क, अमर उजाला, मेरठ
विज्ञापन
भाजपा सांसद और विधायक का पुतला फूंका - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

मेरठ में रोहटा रोड की जर्जर हालत को लेकर लोगों में आक्रोश बढ़ता जा रहा है। सड़क निर्माण की मांग को लेकर शुरू की गई भूख हड़ताल मंगलवार को आमरण अनशन में बदल गई। स्थानीय निवासियों ने करीब चार घंटे तक सड़क जाम कर हंगामा प्रदर्शन किया। इस दौरान महिलाओं ने भाजपा सांसद राजेंद्र अग्रवाल और कैंट विधायक सत्यप्रकाश अग्रवाल के चित्रों पर चूड़ियां भेंट कीं। दोनों नेताओं का पुतला फूंका गया।

विज्ञापन

 
हो सकता है कोई बड़ा हादसा
पिछले एक साल से रोहटा रोड टूटी पड़ी है। जगह-जगह बड़े-बड़े गड्ढे हो चुके हैं। सड़क निर्माण की मांग को लेकर स्थानीय निवासी लगातार आंदोलन कर रहे हैं। लेकिन लोक निर्माण विभाग और जिला प्रशासन के अधिकारी कुंभकर्णी नींद सोये हुए हैं। अब हालात ऐसे हो चुके हैं कि पानी की निकासी की व्यवस्था न होने से यहां स्थायी रूप से जलभराव हो चुका है। दोपहिया के अलावा टेंपो, ई-रिक्शा और ट्रैक्टर ट्रॉलियां गड्ढों में फंसकर पलट रही हैं। सोमवार को ई-रिक्शा पलटने से स्कूली बच्ची के पैर में चोट लगी थी तो मंगलवार को भी वाहनों के पलटने का सिलसिला जारी रहा। टेंपो पलटने से स्कूली बच्चों के साथ अनहोनी होने से बची। टेंपो को लोगों ने बमुश्किल गड्ढे से निकाला। समस्या का जल्द समाधान न हुआ तो कभी भी कोई बड़ा हादसा हो सकता है।

अब आमरण अनशन शुरू
आंदोलन की कमान संभाले समाजसेवी दुष्यंत रोहटा, बसपा नेता नवाब सिंह लखवाया, छात्र नेता सम्राट मलिक, रोहटा रोड व्यापार मंडल के पदाधिकारी दो दिन पहले रोहटा रोड स्थित संगम टावर के सामने भूख हड़ताल पर बैठे थे। जिन्होंने अब आमरण अनशन शुरू कर दिया।

महिलाओं ने दी चेतावनी
क्षेत्रीय निवासी पिंकी धामा और अंजू चौधरी के नेतृत्व में दर्जनों महिलाएं दोपहर को सड़क पर उतर आईं और जवाहर नगर के सामने दोनों तरफ जाम लगा दिया। जाम की वजह से लोगों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। जाम में फंसे लोगों से कई बार महिलाओं से तीखी नोकझोंक भी हुई। लेकिन महिलाओं ने साफ कह दिया कि शांतिपूर्वक उनके आंदोलन का सहयोग करें वरना नजारा कुछ भी हो सकता। महिलाएं काफी गुस्से में नजर आईं। भाजपा सांसद और कैंट विधायक के खिलाफ नारेबाजी और प्रदर्शन करते हुए चेतावनी दी कि अभी तो चित्रों पर चूड़ियां चढ़ाईं हैं। सड़क नहीं बनी तो सांसद, विधायक के घर जाकर चूड़ियां भेंट की जाएंगी। सूचना पर पहुंचे सीओ दौराला अखिलेश भदौरिया व इंस्पेक्टर एपी मिश्रा ने महिलाओं को समझाने का प्रयास किया। लेकिन महिलाएं नहीं मानीं। इस दौरान सोनिया देवी, आशा जैन, देवकी जैन, नमिता शर्मा, ममता, संगीता, सीमा, नीतू, अनीता, सुदेश, मुनेश, नीलम, सुनीता मलिक, सुधीर मलिक, हरेंद्र चौधरी, संजीव कुमार, एसपी शेरावत, सुरेंद्र तेवतिया, शिखर चंद्र, अरुण मलिक, ओमपाल ढाका, गुड्डू मलिक आदि सहित काफी संख्या में क्षेत्रीय निवासी मौजूद रहे।
विज्ञापन

शाम को पहुंचे अधिकारी, दी धमकी
दिन भर चले हंगामे के बाद शाम को एडीएम सिटी मुकेश चंद व एसीएम अमिताभ यादव मौके पर पहुंचे और समस्या जल्द हल कराने का आश्वासन दिया। वहीं, दुष्यंत रोहटा व नवाब सिंह लखवाया ने आरोप लगाया कि अधिकारियों ने पहले लोगों को सड़क जाम करने पर जेल भेजने की चेतावनी दी। बाद में समझाया कि सड़क की समस्या को लेकर बुधवार को विभागीय अधिकारियों की बैठक बुलाई है। जिसमें रोहटा रोड के गण्यमान्य व्यक्तियों व दो चार महिलाओं को भी बुलाया जाएगा।

इन्होंने किया समर्थन  
सड़क निर्माण की मांग को लेकर किए जा रहे आंदोलन का रालोद जिलाध्यक्ष राहुल देव, सुनील रोहटा, गौरव जिटौली, सपा जिलाध्यक्ष राजपाल चौधरी, छात्र नेता विजय मलिक, विभोर सिंह, शशि राणा आदि ने समर्थन किया।

रोहटा रोड आंदोलन को दिया समर्थन  
जाट कल्याण संस्था ने मंगलवार को रोहटा रोड आंदोलन को अपना समर्थन दिया। संस्था अध्यक्ष चौधरी विजयपाल सिंह ने कहा कि पिछले एक साल से रोहटा रोड तालाब में तब्दील हो गया है। इसमें वाहन पटल रहे हैं और लोग घायल हो रहे हैं। तमाम भाजपा नेता यहां बनी कालोनियों में रहते हैं। लेकिन सांसद और विधायकों की उदासीनता के चलते लाखों लोग परेशान हैं। उन्होंने कहा कि एक समय यह रोड वीआईपी रोड में शामिल थी। अब पिछले कई दिन से यहां के लोग सड़क निर्माण के लिए धरना और भूख हड़ताल कर रहे हैं। लेकिन कोई भी नेता इनकी सुध नहीं ले रहा है। बैठक में संस्था महासचिव सीबी वर्मा, रणवीर सिंह, देवेंद्र सिंह, अशोक चौधरी, मदनपाल सिंह, इंद्रपाल सिंह आदि मौजूद रहे।

शहर से लेकर देश तक की ताजा खबरें व वीडियो देखने लिए हमारे इस फेसबुक पेज को लाइक करें

https://www.facebook.com/AuNewsMeerut/
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें