मेरठ। सौरभ की हत्या के मामले में जेल में बंद उसकी पत्नी मुस्कान और प्रेमी साहिल की वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिए मंगलवार को कोर्ट में पेशी हुई। इस दौरान दोनों का आमना-सामना हुआ लेकिन बातचीत नहीं हुई। कोर्ट ने 28 अप्रैल तक दोनों की न्यायिक अभिरक्षा बढ़ा दी है। दोनों ने केस लड़ने के लिए वरिष्ठ जेल अधीक्षक से निजी वकील की मांग की है। दोनों जल्द जमानत पाकर जेल से बाहर आना चाहते हैं।
विज्ञापन
मुस्कान रस्तोगी ने तीन मार्च की रात अपने प्रेमी साहिल शुक्ला के साथ मिलकर पति सौरभ की हत्या कर दी थी। हत्या के बाद लाश के टुकड़े कर नीले ड्रम में भरकर उपर से सीमेंट का घोल डाल दिया था। इसके बाद दोनों हिमाचल और उत्तराखंड घूमने चले गए थे। वहां दोनों के मौज-मस्ती करते हुए वीडियो वायरल हुए थे। दोनों ने एक साथ होली खेली और साहिल का बर्थडे मनाया था। 17 मार्च को दोनों वापस आए थे। 18 मार्च की सुबह हत्या का खुलासा हुआ। इसके बाद दोनों की गिरफ्तारी की गई थी। जिसके बाद पुलिस ने दोनों हत्यारोपियों को जेल भेज दिया था। वरिष्ठ जेल अधीक्षक डा. वीरेश राज शर्मा ने बताया कि 28 अप्रैल तक न्यायिक अभिरक्षा बढ़ाई गई है।