मेरठ के परतापुर में रिटायर्ड सीआरपीएफ के नाबालिग बेटे की बदमाशों ने गोली मारकर हत्या कर दी। परिजनों ने लहूलुहान हालत में किशोर को अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उसकी मौत हो गई। हत्यारों की तलाश में पुलिस ने छानबीन शुरू कर दी, लेकिन कोई क्लू नहीं मिला।
परतापुर थाना क्षेत्र के रामनगर कॉलोनी (रिठानी-पूठा रेलवे फाटक के निकट) निवासी अविनाश (16) पुत्र रविंद्र कुमार शताब्दीनगर में प्रेसीडेंसी स्कूल में कक्षा दसवीं का छात्र था। रविंद्र सीआरपीएफ में हवलदार से रिटायर्ड हैं। मंगलवार सुबह 4:40 बजे अविनाश कोचिंग जाने की बात कहकर घर से गया था। छह बजे तक जब वह वापस नहीं लौटा तो रविंद्र और अविनाश के बड़े भाई भाई अंकित उसकी तलाश में घर से निकले। घर से 100 मीटर दूर भारत गैस गोदाम के पास झाड़ियों में लहूलुहान हालत में अविनाश पड़ा मिला। रविंद्र ने तुरंत अविनाश को सुभारती मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया। चार घंटे बाद करीब 10 बजे इलाज के दौरान अविनाश ने दम तोड़ दिया।
वहीं मौत की जानकारी लगते इंस्पेक्टर परतापुर नीरज मलिक समेत पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने बताया कि अविनाश के सिर में गोली मारी गई है। अविनाश की हत्या किसने और क्यों की, इसकी जांच की जा रही है। रविंद्र की शिकायत पर अज्ञात बदमाशों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है। पुलिस हत्यारों की तलाश में लगी हुई है। सीसीटीवी कैमरे भी खंगाले जा रहे है।
शहर से लेकर देश तक की ताजा खबरें व वीडियो देखने लिए हमारे इस फेसबुक पेज को लाइक करें
https://www.facebook.com/AuNewsMeerut/