कॉल डिटेल ने खोला हत्या का राज
कॉल डिटेल के आधार पर पुलिस ने सितारा हत्याकांड का खुलासा किया। सितारा 16 सितंबर को घर से दवाई लेने की बात कह कर घर से निकली थी, मगर लौट कर नहीं आई। वह सीधे लोई गांव में अपने प्रेमी मुनव्वर के पास पहुंची और उस पर निकाह करने का दबाव बनाया। मुनव्वर उसे बहाने से जंगल में ले गया और वहीं पर उसकी गला दबा कर हत्या कर शव को ईंख के खेत में छिपा कर घर आ गया। उधर, सितारा के घर न आने पर परिजन उसकी तलाश में लगे, मगर कोई सुराग नहीं मिला। फुगाना थाने पर गुमशुदगी दर्ज कराए जाने पर पुलिस हरकत में आई। महिला के पति आमिल ने सितारा और मुनव्वर के संबंध के बारे में भी पुलिस को बताया। पुलिस ने मुनव्वर के मोबाइल की कॉल डिटेल निकवाई। इसके बाद सोमवार को उसे कॉल डिटेल के आधार पर हिरासत में लिया। पहले वह मुकर गया, मगर जब पुलिस ने सख्ती की तो उसने सितारा की हत्या करना स्वीकार कर लिया। इसके बाद उसने पुलिस को उसकी लाश भी बरामद करा दी।
निकाह का दबाव बना रही थी, इसलिए मार दिया
हत्यारोपी मुनव्वर ने पुलिस को बताया कि सितारा के साथ उसके विवाहेत्तर संबंध थे। महिला अब उस पर निकाह करने का दबाव बना रही थी। मुनव्वर ने पुलिस को बताया कि महिला सितारा के चार बच्चे हैं और उसके अपने भी तीन बच्चे है। वह सितारा के साथ निकाह करने के सख्त खिलाफ था। सितारा द्वारा जबरन दबाव बनाने के कारण उसने उसे अपने गांव बुलाया और उसी दिन गन्ने के खेत में ले जाकर उसकी गला दबा कर हत्या कर दी।
शहर से लेकर देश तक की ताजा खबरें व वीडियो देखने लिए हमारे इस फेसबुक पेज को लाइक करें
https://www.facebook.com/AuNewsMeerut/