सहारनपुर के गांव जानखेड़ा में आपसी कहासुनी में छोटे भाई ने बडे़ भाई की कुदाल से ताबड़तोड़ हमला कर हत्या कर दी। सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने शव का पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने रात में ही प्राथमिक स्कूल में छिपे हत्यारोपी को दबोच लिया। सबसे छोटे भाई की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज करते हुए पुलिस ने आरोपी को जेल भेज दिया।
रामपुर मनिहारान के थानाक्षेत्र के गांव जानखेड़ा निवासी सतबीर के पुत्र अंकित (26) और सोनू (30) के बीच शनिवार की आधी रात को किसी बात पर बहस हो गई। छोटे भाई ने गुस्से में आकर वहीं रखी कुदाल से सोनू के सिर पर तब तक ताबड़तोड़ वार किए, जब तक कि उसकी मौत नहीं हो गई। भाई की हत्या कर अंकित फरार हो गया। घर में मौजूद सबसे छोटे भाई सचिन ने सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने घटना की जानकारी ली तथा शव को पंचनामा भरकर पीएम के लिए भेजा। पुलिस ने हत्यारोपी अंकित को रात में ही तलाश करते हुए पास ही स्थित प्राथमिक विद्यालय से धर दबोचा।