फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

यूपी: गुंडा एक्ट मामले में गिरफ्तारी करने गई पुलिस पर हमला, फायरिंग कर आरोपी को छुड़ाया, फरार

Mon, 03 Sep 2018 01:26 PM IST
यूपी डेस्क, अमर उजाला, शामली
विज्ञापन
यूपी पुलिस
विज्ञापन

गुंडा एक्ट के मामले में न्यायालय से वारंट जारी होने पर आरोपी को गिरफ्तार करने गांव बुन्टा में गए पुलिसकर्मियों पर आरोपियों के परिजनों और उनके साथियों ने हमला कर दिया। पुलिसकर्मियों से मारपीट की और फायरिंग कर आरोपी युवक को छुड़ाकर ले गए। मामले में गढ़ीपुख्ता थाना पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। यह घटना यूपी के शामली जिले की है। 

विज्ञापन

 
क्षेत्र के गांव बुन्टा निवासी लकड़ी आढ़ती ताहिर पुत्र इकबाल के खिलाफ गुंडा एक्ट के मामले में न्यायालय से गैर जमानती वारंट जारी हुआ था। ताहिर न्यायालय में पेश नहीं हो रहा था। रविवार सुबह करीब दस बजे गढ़ी अब्दुल्ला खां पुलिस चौकी को सूचना मिली कि ताहिर अपने गांव में ही मौजूद है। कांस्टेबल प्रदीप कुमार और अकरम गांव बुंटा में पहुंचे। आरोपी ताहिर के घर दबिश देकर उसे पकड़ लिया। जैसे ही वह ताहिर को चौकी की तरफ ले जाने लगे, तो गांव के बाहर पहुंचने पर आरोपी ताहिर के भाई साबिर, जाबिर व जाहिद पुत्रगण इकबाल तथा चचेरे भाई हसमत ने अपने दस अज्ञात साथियों के साथ मिलकर पुलिसकर्मियों को घेर लिया। उनके साथ गाली गलौज करते मारपीट कर दी। पुलिसकर्मियों ने विरोध किया, तो तमंचे से फायरिंग कर दी तथा आरोपी ताहिर को पुलिस के कब्जे से छुड़ाकर ले गए।

विज्ञापन

हमले व फायरिंग पर दोनों पुलिसकर्मियों ने किसी प्रकार मौके से भागकर अपनी जान बचाई। गढ़ीपुख्ता थाने पर मामले की सूचना दी। बाद में गढ़ीपुख्ता थाना प्रभारी कपिल गौतम अन्य पुलिसकर्मियों को साथ लेकर गांव बुन्टा पहुंचे। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी, लेकिन वह हाथ नहीं आए। घटना के संबंध में कांस्टेबल प्रदीप कुमार की तरफ से आरोपी ताहिर, साबिर, जाबिर, जाहिद और हसमत के अलावा 10 अज्ञात आरोपियों के खिलाफ जानलेवा हमला, बलवा, सरकारी कार्य में बाधा डालने और धमकी देने के आरोप में रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। उधर, थाना प्रभारी कपिल गौतम ने बताया कि सिपाहियों पर हमला करके आरोपी को छुड़ाने वालों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए प्रयास चल रहा है। जल्दी ही आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।

शहर से लेकर देश तक की ताजा खबरें व वीडियो देखने लिए हमारे इस फेसबुक पेज को लाइक करें

https://www.facebook.com/AuNewsMeerut/
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें