होली पर हुई थी कहासुनी, दी थी धमकी
मृतक के पिता गरीब सिंह ने पुलिस को दी तहरीर में पड़ोसी महेश और उसके बेटों प्रेम, नीशू और शिवम पर हत्या का आरोप लगाया है। पिता के अनुसार कई साल पहले जमीन को लेकर दोनों परिवारों में विवाद हुआ था, जो बाद में खत्म हो गया था।
हालांकि होली के मौके पर गाली गलौज को लेकर दोनों पक्षों के बीच फिर से विवाद हो गया। आरोप है कि उस दौरान महेश और उसके बेटों ने उनके घर पर पथराव और फायरिंग की थी और उसी समय नैन सिंह को गोली मारने की धमकी भी दी थी। परिजनों का आरोप है कि उस समय वे शिकायत लेकर थाने पहुंचे थे, लेकिन पुलिस ने उनकी तहरीर नहीं ली और उन्हें वहां से भगा दिया।
छुट्टी पर घर आया था जवान
परिजनों के अनुसार नैन सिंह बीएसएफ में सिपाही थे और उनकी तैनाती गुवाहाटी में थी। वह छह मार्च को छुट्टी लेकर घर आए थे और एक अप्रैल को वापस ड्यूटी पर जाने वाले थे। नैन सिंह की पत्नी कोमल पिछले दो वर्षों से पारिवारिक विवाद के कारण मेरठ में अलग रह रही है। उनके दो बच्चे हैं, जिन्हें वह चार दिन पहले ही फाजलपुर स्थित नाना के घर छोड़कर आए थे।