माफिया डॉन मुन्ना बजरंगी की जेल में हत्या करने के आरोपी सुनील राठी को बागपत जिला जेल से हटा कर फतेहगढ़ केंद्रीय कारागार रवाना कर दिया गया है। बागपत जेल प्रशासन ने सुनील राठी व उस जैसे कुछ अन्य कैदियों का हवाला देते हुए उन्हें जिला कारागारों के बजाए केंद्रीय कारागारों में स्थानांतरित करे जाने का आग्रह था। पूर्वांचल के डॉन मुन्ना बजरंगी की हत्या के बाद से ही सुनील राठी को बागपत जेल से किसी अन्य जेल में शिफ्ट करने की तैयारी चल रही थी। राठी को फतेहगढ़ के साथ ही लखनऊ व डासना जेल भेजे जाने का प्रस्ताव था। इस प्रस्ताव पर सहमति जताते हुए शासन ने राठी को फतेहगढ़ जेल में शिफ्ट करने का आदेश दिया था। जिसके बाद राठी को फतेहगढ़ जेल के लिए रवाना कर दिया गया है।
खबर यह भी थी कि पूर्वांचल की जेल में स्थानांतरण की भनक लगते ही सुनील राठी भी बेचैन हो गया था। उसने अपने कुछ पैरोकारों के माध्यम से जेल प्रशासन को कहलवाया था कि वह पूर्वांचल की किसी जेल में नहीं जाना चाहता। बागपत जेल में मुन्ना बजरंगी की हत्या के बाद से पूर्वांचल और पश्चिम के माफियाओं के बीच गैंगवार की आशंका बन गई है। जेलों में बजरंगी की हत्या के बाद दो तरह के खेमे बन रहे हैं। जिस तरह बजरंगी की हत्या पश्चिम की बागपत जेल में कर दी गई,इसी तरह पूर्वांचल की जेलों में बंद पश्चिम के अपराधियों को साजिश का डर सताने लगा है। चर्चा यह है कि कुख्यात सुनील राठी भी पूर्वांचल की जेल में नहीं जाना चाहता।