- अधिशासी अधिकारी ने दी चेतावनी 10 सितंबर से जब्ती की कार्रवाई होगी शुरू
सरधना। नगर में बढ़ते अतिक्रमण को लेकर नगर पालिका प्रशासन सख्त रुख अपना रहा है। इसी क्रम में सोमवार को पालिका द्वारा मुनादी कराकर दुकानदारों और नागरिकों से स्वेच्छा से अतिक्रमण हटाने की अपील की गई है। साथ ही चेतावनी दी है कि यदि निर्धारित समय में अतिक्रमण नहीं हटाया गया तो 10 सितंबर से अभियान चलाकर सामान जब्त किया जाएगा।
नगर क्षेत्र में लंबे समय से फुटपाथ, सड़कों व सार्वजनिक स्थलों पर अतिक्रमण की समस्या बनी हुई है। कई दुकानदारों ने सड़क किनारे स्थायी फड़ तक बना लिए हैं, जबकि ठेले-खोमचे वालों ने यातायात व्यवस्था को और जटिल बना दिया है। इसका सीधा असर नगर में जाम की स्थिति और आमजन की परेशानी के रूप में सामने आ रहा है। पालिका प्रशासन अब इस स्थिति को गंभीरता से लेते हुए सघन अतिक्रमण हटाओ अभियान की तैयारी में है।
अधिशासी अधिकारी दीपिका शुक्ला ने बताया कि नगर को अतिक्रमण मुक्त बनाने के लिए 10 सितंबर से अभियान चलाया जाएगा। मुनादी के माध्यम से लोगों को पहले ही सूचित किया जा रहा है, ताकि समय रहते वह स्वयं अपना अतिक्रमण हटा लें। अभियान के दौरान अतिक्रमण नहीं हटाने पर संबंधित सामान जब्त किया जाएगा। पालिका का यह कदम नगर की यातायात व्यवस्था सुधारने और सार्वजनिक स्थलों को मुक्त कराने की दिशा में एक अहम प्रयास माना जा रहा है।