सरधना। बॉडी बिल्डिंग में मिस्टर इंडिया का खिताब जीतकर मेरठ जनपद का नाम रोशन करने वाले दानिश का बुधवार को सरधना आगमन पर स्वागत किया गया। बस स्टैंड पुलिस चौकी के निकट समर्थकों ने उन्हें फूलमाला पहनाकर और ढोल-नगाड़ों के साथ सम्मानित किया।
दानिश अपने रिश्तेदार हाजी फहीमुद्दीन अब्बासी के यहां आए थे। उनके स्वागत के लिए बड़ी संख्या में युवा और समर्थक मौजूद रहे। दानिश ने अपनी उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए बताया कि हाल ही में दिल्ली में आयोजित शेरू क्लासिक बॉडी बिल्डिंग प्रतियोगिता में उन्होंने स्वर्ण पदक जीता है। इससे पहले मुजफ्फरनगर में आयोजित नॉर्थ इंडिया चैंपियनशिप में प्रथम स्थान हासिल कर मिस्टर इंडिया का खिताब अपने नाम किया था।
उन्होंने बताया कि मुंबई में आयोजित प्रतियोगिता में उन्होंने आईबीबीएफ की ओर से मिस्टर यूनिवर्स का खिताब भी जीता है। दानिश ने कहा कि युवाओं को फिटनेस को जीवनशैली का हिस्सा बनाना चाहिए। उन्होंने युवाओं से नियमित व्यायाम करने, स्वस्थ खानपान अपनाने तथा नशे जैसी बुराइयों से दूर रहने का आह्वान किया। स्वागत करने वालों में चांद अब्बासी, सलमान अब्बासी, अनस, शुएब, शादाब कुरैशी, सलमान कुरैशी, आसिफ अब्बासी, सलाउद्दीन मौजूद रहे।