सांसद ने केंद्र व राज्य सरकार की योजनाओं की दी जानकारी
रोहटा। ब्लॉक रोहटा प्रांगण में रविवार को केंद्र सरकार द्वारा एलपीजी पंचायत कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान मुख्य अतिथि राज्यसभा सांसद कांता कर्दम ने गैस संचालकों को संबोधित किया। वहीं, कार्यक्रम में आए इंडेन गैस के कर्मचारियों ने लोगों को सुरक्षा के उपाय बताए।
गांव रोहटा में ब्लॉक मुख्यालय परिसर में केंद्र सरकार द्वारा संचालित इंडेन गैस सर्विस की ओर से गोष्ठी और स्वागत समारोह का आयोजन किया गया। जिसमें बतौर मुख्य अतिथि राज्यसभा सांसद कांता कर्दम मौजूद रहीं। उनका इंडेन गैस के कर्मचारियों, अधिकारियों व गैस एजेंसी संचालकों ने पौधा भेंट करके स्वागत किया। वहीं, ग्राम प्रधान जंग बहादुर ने भी पौधा देकर पौधरोपण का संदेश दिया। राज्यसभा सांसद ने केंद्र व राज्य सरकार की विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने सुरक्षा और बचत के बारे में भी विस्तार से बताया। इस मौके पर गैस एजेंसी संचालकों ने राज्यसभा सांसद के सामने परेशानियां और सुझाव भी रखे। इस पर उन्होंने हल कराने का भरोसा दिलाया। इस मौके पर मेरठ सेल्स अधिकारी गौरव गर्ग ने गैस बचत और सुरक्षा के बारे में विस्तार से बताया। मंच का संचालन मुनेंद्र शर्मा खिवाई इंडेन वितरक ने किया। इस मौके पर आसपास के गैस एजेंसी संचालक भी मौजूद रहे।