प्रकरण से मदरसा छात्रों में पनपा रोष
मौलाना बदरुद्दीन अजमल और पूर्व विधायक माविया अली के बीच चल रहे जमीन के विवाद में दारुल उलूम का नाम घसीटे जाने को लेकर मदरसा छात्रों में रोष बना हुआ है। मदरसा छात्र अब्दुल रहमान बस्तवी, मेराज आसामी, हयातुल्लाह बहराइची आदि का कहना है कि जिस तरह से दारुल उलूम को बदनाम किया जा रहा है और मजलिस-ए-शूरा के सदस्य के पुतले फूंके जा रहे हैं उसको किसी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। छात्रों का आरोप है कि यह सब दारुल उलूम को बदनाम करने की साजिश है।
सीबीआई जांच के लिए कोर्ट जाएगा बजरंग दल
ऑल इंडिया यूनाइटेड डेमोक्रेटिक फ्रंट (एआईयूडीएफ) के अध्यक्ष व सांसद मौलाना बदरुद्दीन अजमल व पूर्व विधायक माविया अली के विवाद को हवाला कारोबार से जोड़कर इस पर जमकर राजनीति की जा रही है। शुक्रवार को हिंदूवादी स्वाभिमान संघर्ष समिति की बैठक में दोनों नेताओं पर देश विरोधी कार्यों में लिप्त होने का आरोप लगाया गया तो बजरंग दल ने साफ कहा कि मामले की सीबीआई जांच कराने के लिए अदालत का दरवाजा खटखटाया जाएगा। डाक बंगले पर हुई हिंदूवादी स्वाभिमान संघर्ष समिति व बजरंग दल की संयुक्त बैठक में दारुल उलूम की मजलिस-ए-शूरा के सदस्य व सांसद बदरुद्दीन अजमल व पूर्व विधायक माविया अली के हवाला कारोबार से जुड़ा होने पर चिंता व्यक्त की गई। इस मौके पर परविंद्र चौधरी, शिवकुमार राणा, अमित चौधरी, सुशील, राजकृष्ण आदि मौजूद रहे।
शहर से लेकर देश तक की ताजा खबरें व वीडियो देखने लिए हमारे इस फेसबुक पेज को लाइक करें
https://www.facebook.com/AuNewsMeerut/