मेरठ आए राज्यसभा सदस्य अमर सिंह ने कहा कि देश में नरेंद्र मोदी का कोई विकल्प नहीं है। बाकी सब हवाई बात कर रहे हैं। बोले कि बुआ भतीजे का गठबंधन पहले तो होना ही मुश्किल है और यदि हो भी गया तो चलेगा नहीं। राहुल गांधी के डीएनए में पॉलिटिक्स है और वह इंसान भी अच्छे हैं। लेकिन फिलहाल प्रधानमंत्री नहीं बन सकते हैं।
सूरजकुंड में युवा नेता अनुराग गोस्वामी के परिवार में आयोजित एक सगाई समारोह में शिरकत करने आए सांसद अमर सिंह ने कहा कि राम मंदिर तो अयोध्या में ही बनेगा, इसे कोई रोक नहीं सकता है। उन्होंने कहा कि भले ही सारे विपक्षी दल गठबंधन की बात कर रहे हों। लेकिन सही बात यह है कि देश में इस समय नरेंद्र मोदी का कोई विकल्प मौजूद नहीं है। कहा कि मुलायम सिंह को इस समय कुछ पता नहीं है कि वह क्या कर रहे हैं। उनका कोई स्टैंड नहीं है। वह एक दिन अखिलेश यादव के पाले में खड़े नजर आते हैं तो दूसरे ही दिन शिवपाल यादव के साथ खड़े दिखाई देते हैं। उन्हें यह ही पता नहीं है कि उन्हें भाई के साथ रहना है या पुत्र के साथ।
अखिलेश तो औरंगजेब
अमर सिंह ने अखिलेश यादव को औरंगजेब कहते हुए अखिलेश यादव के साथ मायावती पर भी निशाना साधा। कहा कि दोनों के बीच चुनावी गठबंधन होना ही मुश्किल है। भाजपा पर पार पाने के लिए यदि हो भी गया तो यह गठबंधन चलेगा नहीं। बोले कि चुनाव 2019 में माई यानी मुस्लिम यादव फैक्टर सपा को असली चेहरा दिखा देगा।
रामपुर में आजम का राज
सांसद अमर सिंह ने कहा कि योगी शासन बेहतर है। लेकिन रामपुर में योगी नहीं आजम खान का ही राज चलता है। सरेआम गुंडागर्दी होती है और अधिकारी भी वहां डरते हैं।
शहर से लेकर देश तक की ताजा खबरें व वीडियो देखने लिए हमारे इस फेसबुक पेज को लाइक करें
https://www.facebook.com/AuNewsMeerut/