-पुलिस ने युवक की तलाश शुरू की
संवाद न्यूज एजेंसी
मेरठ। लिसाड़ी गेट थाना क्षेत्र में हापुड़ रोड पर बाइक से खतरनाक स्टंट करने का एक वीडियो बुधवार को सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया। वीडियो में एक युवक सड़क पर बाइक दौड़ाते हुए स्टंट करता नजर आ रहा है। युवक ने न केवल अपनी जान खतरे में डाली, बल्कि सड़क पर चल रहे दूसरे वाहन चालकों और राहगीरों की सुरक्षा पर भी सवाल खड़े हो गए। पुलिस वायरल वीडियो के आधार पर युवक की तलाश शुरू कर दी है।
हापुड़ रोड पर एक युवक द्वारा बाइक से स्टंट करने का वीडियो बुधवार को सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। वायरल वीडियो वीडियो में युवक बाइक को नियंत्रित करने के बजाय सड़क पर लापरवाही से स्टंट करता दिखाई दे रहा है। इसी दौरान डायल-112 पर तैनात फैंटम पुलिसकर्मी भी वहां से गुजरते नजर आ रहे हैं। हालांकि, वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए स्टंट करने वाले युवक की तलाश शुरू कर दी है।
सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो के आधार पर युवक की पहचान कराने का प्रयास किया जा रहा है। इसके लिए हापुड़ रोड और आसपास के इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।
एसपी सिटी विनायक गोपाल भोसले का कहना है कि सड़क पर इस तरह स्टंट करना यातायात नियमों का उल्लंघन है। आरोपी की पहचान होने के बाद उसके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।