फोटो समाचार
माई सिटी रिपोर्टर
मेरठ। जनता को सुरक्षित खाद्य एवं पेय पदार्थ उपलब्ध कराने और मिलावट की शिकायतों की जांच के लिए खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन की टीम ने नंगला कुंभा थाना जानी क्षेत्र में डेयरी और पनीर निर्माण इकाइयों पर छापेमारी की। सहायक आयुक्त खाद्य-द्वितीय डॉ. वेदप्रकाश मिश्र के नेतृत्व में हुई कार्रवाई के दौरान खाद्य पदार्थों के नमूने लेकर जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे गए।
अभियान के दौरान मेहंदी हसन की डेयरी से दूध का एक नमूना, यासीन मिल्क एवं पनीर सप्लायर की डेयरी से पनीर और बाबू की डेयरी से सपरेटा दूध के नमूने लिए। टीम ने कई अन्य डेयरियों का भी निरीक्षण किया। सलमान, राहुल और अब्दुल डेयरी और खालिद की पनीर भट्ठी, इकबाल, हसीन और परवेज की डेयरियों की जांच की गई। इनमें से कुछ स्थानों पर खाद्य कारोबार संचालित होता नहीं मिला।
विभाग के अनुसार पूर्व में जाविर और हामिद की डेयरियों के खिलाफ सील की कार्रवाई की गई थी। जो अभी भी बंद मिलीं। वहीं यासीन की डेयरी से अस्वास्थ्यकर स्थिति में भंडारित करीब 160 किलोग्राम पनीर जब्त कर जनहित में नष्ट कराया गया। कार्रवाई में मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी रवि शर्मा, खाद्य सुरक्षा अधिकारी सत्येंद्र सिंह तोमर, दीपक कुमार, एतीस कुमार, भोगेंद्र प्रसाद और अवधेश कुमार शामिल रहे।