फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

UP: 'बेटे को क्यों मारा, तलाक ले लेती', इसलिए मां ने किया सात माह के मासूम का कत्ल; फिर करना चाहती थी ये काम

Wed, 10 Jun 2026 10:28 AM IST
Sharukh Khan अमर उजाला नेटवर्क, मेरठ

सार

UP Crime News Today in Hindi: मेरठ में सात महीने के मासूम की हत्या में चौंकाने वाला खुलासा हुआ है। पुलिस पूछताछ में आरोपी मां ने बताया कि प्रेम-प्रसंग खुलने पर पति से अनबन के बाद बेटे की हत्या की साजिश रची। उसने पति और परिवार की सहानुभूति पाने के लिए सात माह के मासूम की हत्या की।
विज्ञापन
meerut murder - फोटो : अमर उजाला ग्राफिक्स
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

Meerut Infant Murder: मेरठ के मुंडाली थाना इलाके के मुरलीपुर गांव में सात माह के मासूम रुद्रांश की मौत का हैरान कर देने वाला सच सामने आया है। दरअसल, महिला का प्रेम प्रसंग खुलने के बाद से पति और ससुराल वाले उससे नाराज चल रहे थे और रिश्ते में अनबन थी। इसी नाराजगी को दूर करने तथा पति, परिवार व समाज की सहानुभूति पाने के लिए मां मीनाक्षी चौहान ने ही अपने मासूम बेटे की गला घोंटकर हत्या कर दी थी।
विज्ञापन


उसने इसे बीमारी से हुई मौत का रूप देने की कोशिश की ताकि लोग इसे सामान्य मौत समझें। पुलिस ने हत्यारोपी मां को गिरफ्तार कर लिया है जबकि उसके प्रेमी की गिरफ्तारी के लिए एक टीम को दिल्ली भेजा गया है। हालांकि जिलाधिकारी कार्यालय से आदेश जारी न होने के कारण मंगलवार को रुद्रांश के दफनाए गए शव को बाहर नहीं निकाला जा सका।

मेरठ-गढ़ रोड स्थित मुरलीपुर निवासी अमित तोमर एक चिकित्सक के यहां कार चालक हैं। तीन वर्ष पूर्व उनकी शादी जनपद मुरादाबाद निवासी मीनाक्षी चौहान से हुई थी। उनके दो बेटे थे जिनमें से छोटे बेटे रुद्रांश की 30 मई को मौत हो गई थी। 
विज्ञापन


उस वक्त घर पर मीनाक्षी अकेली थी। उसने परिजनों को बताया कि रुद्रांश की अचानक तबीयत बिगड़ने से मौत हुई है, जिसके बाद गमगीन माहौल में शव को गांव के श्मशान घाट में दफना दिया गया था।

पति अमित ने बताया कि उसके व मीनाक्षी के बीच कुछ समय से अनबन चल रही थी। रुद्रांश की मौत होने के बाद जहां परिवार के अन्य सदस्य विलाप कर रहे थे वहीं मीनाक्षी का व्यवहार बेटे की मौत के बाद भी सामान्य था। 

 

इस पर उसे शक हुआ उसने सख्ती से पूछताछ करने पर मीनाक्षी ने कबूला कि शादी से पहले से ही उसका प्रेम प्रसंग दिल्ली निवासी मोहित से चल रहा था। यह बात पति और परिजनों को पता चल गई थी। 

इस मामले को लेकर पंचायत भी हो चुकी थी। ऐसे में उसकी बहुत बदनामी हो रही थी। इसी वजह से सबका ध्यान भटकाने और सहानुभूति पाने के लिए उसने गुस्से में रुद्रांश का गला दबाकर हत्या कर दी।

प्रेमी मोहित की तलाश में दिल्ली में दबिश
मुंडाली थानाध्यक्ष देवेंद्र कुमार मिश्रा ने बताया कि मामले की सूचना मिलते ही पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज मीनाक्षी को हिरासत में ले लिया था। मंगलवार को भी वह पुलिस हिरासत में रही। वहीं प्रेमी मोहित को पकड़ने के लिए पुलिस टीम दिल्ली गई है लेकिन वह अभी हत्थे नहीं चढ़ा है। उसे जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।

तलाक मांग लेती, मेरे बेटे को क्यों मारा
रुद्रांश के पिता अमित तोमर ने कहा, मीनाक्षी ने हमारी दुनिया उजाड़ दी। अगर वह खुश नहीं थी और तलाक चाहती, तो मैं वह भी दे देता लेकिन उसे मेरे मासूम बेटे को नहीं मारना चाहिए था। रुद्रांश तो अब नहीं रहा लेकिन उसकी हत्या में संलिप्त सभी आरोपियों को सजा दिलाने में मैं कोई कसर नहीं छोडूंगा। इस घटना से पूरे मोहल्ले में शोक और आक्रोश का माहौल है। मोहल्ले की महिलाएं भी मीनाक्षी के इस कदम की निंदा कर रही हैं।
 
विज्ञापन

शव निकालने के लिए डीएम के आदेश का इंतजार
सीओ किठौर पंकज लवानिया ने बताया कि रुद्रांश के शव का पोस्टमार्टम कराने के लिए सोमवार देर शाम ही जिलाधिकारी कार्यालय को दस्तावेज भेज दिए गए थे। मगर मंगलवार शाम तक वहां से लिखित आदेश जारी नहीं हो सका। आदेश मिलने के बाद ही कार्यपालक मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में शव को बाहर निकालकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा जाएगा। सुरक्षा के लिहाज से श्मशान घाट पर पुलिस का पहरा है।
 
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें