बागपत में गांवों तक फैला कोरोना
बागपत कोरोना संक्रमण ने कई गांवों में पैर पसार लिए हैं। निबाली गांव में संक्रमण के तीन मामले सामने आए। मुकारी, गौरीपुर और ढिकौली गांव सहित जिले में 16 संक्रमित मिले हैं। जिले में संक्रमितों की संख्या 499 पर पहुंच गई है।
सीएचसी बागपत के अधीक्षक डॉ विभाष राजपूत ने बताया कि उनके क्षेत्र में कोरोना संक्रमण के चार मामले मिले। निबाली गांव में तीन पॉजिटिव मिले और संक्रमण का एक मामला गौरीपुर गांव में सामने आया। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने सर्वे का कार्य कराया। गलियों को सील कर दिया गया। सैनिटाइज अभियान चलाया गया है। इसके अलावा बुधवार को दो वार्ड ब्वाय पॉजिटिव आने के बाद सीएचसी को भी 24 घंटे के लिए बंद किया गया है।
जिला अस्पताल की नर्स सहित चार लोग और निकले कोरोना पॉजिटिव
बिजनौर जिला अस्पताल की स्टाफ नर्स सहित चार और नए कोरोना पॉजिटिव मरीज मिले हैं। नए मरीजों में किरतपुर के एक निजी चिकित्सक का ड्राइवर व नजीबाबाद में एक वृद्ध और बिजनौर का एक युवक शामिल है।
अब जिला अस्पताल को दो दिन के लिए सील कर दिया गया है। इस दौरान जिला अस्पताल सैनिटाइज कराया जाएगा। इसके बाद ही वहां पर यथावत स्थिति बहाल होगी। नए मरीजों को मिलाकर जिले में अब कोरोना संक्रमित मरीजों की संख्या 438 पर पहुंच गई है। इनमें से कुल 331 कोरोना को हराकर अपने घर लौट चुके हैं, जबकि छह लोगों की कोरोना से मौत भी हो चुकी है। वर्तमान में एक्टिव पॉजिटिव केस 101 रह गए हैं।
मुजफ्फरनगर में कोरोना से महिला की मौत, 12 संक्रमित मिले
मुजफ्फरनगर में कोरोना का संक्रमण लगातार बढ़ता जा रहा है। गुरुवार को कोरोना से पीड़ित एक महिला की मेरठ मेडिकल में मौत हो गई। जांच रिपोर्ट में 12 नए केस शहर और देहात में मिले हैं। यातायात पुलिस का कांस्टेबिल भी पॉजिटिव पाया गया। जिससे पुलिस लाइन में हड़कंप मच गया। सभी मरीजों को कोविड अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उधर, 24 मरीज ठीक हुए है। एक्टिव केस 138 हो गए हैं। जिले में टोटल मरीजों का आंकड़ा 494 पहुंच गया है। जिले के 19 लोग इस बीमारी से मर चुके है।
सहारनपुर: छह नए कोरोना पॉजिटिव मिले
सहारनपुर में कोरोना के छह नए मामले सामने आए हैं। इनमें चार संक्रमित सरसावा और दो सहारनपुर शहर के हैं। इनके साथ ही जिले में कोरोना मरीजों का आंकड़ा 578 पर पहुंच गया है।
बृहस्पतिवार को चार लोगों की पॉजिटिव रिपोर्ट मेरठ लैब से आई, जबकि दो लोग एसबीडी जिला अस्पताल की ट्रू-नेट मशीन से जांच में संक्रमित पाए गए। सरसावा की मुगलों वाली गली में एक किशोरी और एक महिला समेत चार लोगों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई।
इनके साथ ही सरसावा में पॉजिटिव मरीजों की संख्या 13 हो गई है। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के अधीक्षक डॉ. राजेश ने बताया कि सभी को कोविड अस्पताल भेजा गया है। मोहल्ले केे सील करने के साथ ही परिजनों को होम क्वारंटीन किया गया है। उनकी सैंपलिंग की जा रही है। दो संक्रमित सहारनपुर शहर के हैं, जो नुमाइश कैंप क्षेत्र के हैं। जिले में वर्तमान में 115 एक्टिव मरीज हैं।
उधर शामली जिले से आज राहत भरी खबर हैं। जनपद में आज कोई नया मरीज सामने नहीं आने से स्वास्थ्य विभाग ने राहत की सांस ली है।