हस्तिनापुर। कस्बे की एक कॉलोनी निवासी महिला ने थाने में तहरीर देकर एक युवक पर उसकी नाबालिग बेटी के साथ छेड़छाड़ और अश्लील हरकत करने का आरोप लगाया है। महिला का आरोप है कि विरोध करने पर युवक ने उन्हें धमकी दी।
महिला ने हस्तिनापुर थाने पर दी तहरीर में बताया कि सोमवार शाम वह अपनी नाबालिग बेटी के साथ बाजार से घरेलू सामान लेने जा रही थी। आरोप है कि रास्ते में आरोपी युवक मोटरसाइकिल से उनका पीछा करते हुए पहुंचा। महिला का आरोप है कि युवक ने उसकी बेटी के साथ छेड़छाड़ करते हुए अश्लील हरकत की।
महिला के मुताबिक, उन्होंने युवक की हरकत का विरोध किया तो उसने धमकी देना शुरू कर दिया। महिला ने आरोप लगाया कि उक्त युवक पहले भी उसकी बेटी के साथ आए दिन जबरन छेड़छाड़ करता है। इसके चलते बेटी और परिवार के लोग भयभीत हैं। सीओ पंकज लवानिया का कहना है कि जांच के बाद आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।