उत्तर प्रदेश के बागपत में मंगलवार को खेकड़ा क्षेत्र के गांव बसी में पड़ोसी युवक ने बीच रास्ते में हाथ पकड़कर महिला के साथ छेड़छाड़ शुरू कर दी। विरोध करने पर आरोपी ने महिला के कपडे़ फाड़े और मारपीट कर घायल कर दिया। पीड़ित ने कोतवाली में आरोपी के खिलाफ नामजद तहरीर दी। पुुलिस ने तहरीर लेकर जांच शुरू कर दी।
गांव बसी निवासी एक महिला मंगलवार को सुबह करीब नौ बजे घायल अवस्था में अपने पति के साथ कोतवाली पहुंची। वहां उसने दी तहरीर में कहा पड़ोसी युवक आए दिन उसके साथ छेड़छाड़ और गाली गलौच करता रहता है।
मंगलवार को सुबह के समय वह किसी कार्य से गांव में ही अपने परिवार के लोगों के यहां जा रही थी। तभी पड़ोसी युवक ने उसका रास्ता रोक लिया और बीच मार्ग में उसका हाथ भी पकड़ लिया और बदनीयती से छेड़छाड़ करने लगा।
विरोध करने पर युवक ने उसके साथ गाली गलौच की और मारपीट करने के साथ ही उसके कपड़े भी फाड़ डाले। शोर मचाने पर आस पास के लोगों को अपनी और आता देखकर आरोपी जान से मारने की धमकी देकर भाग गया।
पीड़ित ने पुलिस से आरोपी युवक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई करने की मांग की। पुलिस ने तहरीर लेकर घायल महिला का इलाज कराया। कोतवाली प्रभारी राज कुमार शर्मा ने कहा महिला की तहरीर मिल गई है। आरोपी युवक की तलाश कराई जा रही है। मामले की जांच कराकर आरोपी के खिलाफ कार्रवाई होगी।