मोहिनी वर्मा की गिरफ्तारी की सूचना पाकर थाने पहुंचे ठगी के शिकार लोग
- फोटो : अमर उजाला
पुलिस ने आरोपी महिला की तलाश में कई बार दबिश भी, लेकिन वह नहीं मिली। पति और बेटे के जेल जाने के बाद मोहिनी पंचकुला में आलीशान फ्लैट में रह रही थी। महिला थाने में आरोपी महिला ने बीमारी का भी बहाना बनाया, लेकिन पुलिस ने एक नहीं सुनी और कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया।
पैसा मांगने पर पीड़ितों पर ही करा दिए मुकदमे
करीब तीन करोड़ रुपये की ठगी के मामले में गिरफ्तार की गई मोहिनी वर्मा ने लालबत्ती का रुतबा दिखाकर लोगों को जमकर ठगा। पैसा मांगने पर उल्टा पीड़ित लोगों पर ही एससी/एसटी एक्ट के मुकदमे दर्ज करा दिए।
सीओ दौराला पंकज कुमार सिंह ने महिला थाने में मोहिनी से पूछताछ की। ठगी के अधिकांश मामले 2010 से लेकर 2013 तक के हैं। पल्लवपुरम निवासी मोहम्मद शाकिर ने बताया कि चपरासी के पद पर सरकारी नौकरी दिलवाने के नाम पर उससे तीन लाख रुपये लिए थे। पैसे वापस मांगने पर उसे अपने मकान में बंद कराकर फर्जी मुकदमे में जेल भिजवाने की धमकी दी। पल्लवपुरम फेस-2 निवासी पवित्रा ने बताया कि उसके बेटे आशीष की नौकरी के लिए यह महिला घर पर चक्कर काट रही थी। कहा कि उसकी लखनऊ में पहचान है और तीन माह में लेखपाल की नौकरी लगवा देगी। नौकरी के नाम पर दस लाख रुपये हड़प लिए।
इसके अलावा पल्हैड़ा निवासी शीला से लॉटरी के नाम पर चार लाख, पल्लवपुरम निवासी विपिन चौधरी और उनकी पत्नी से कमेटी के नाम पर सात लाख रुपये ठगे। वहीं नोएडा के सेक्टर 39 थाना क्षेत्र के सदरपुर निवासी भूलेराम चंदेल से एक करोड़ की ठगी की। बाद में 25-25 लाख के चार चेक फर्जी दे दिए। कोर्ट के आदेश पर आरोपी मोहिनी पर धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज किया गया था। वहीं पल्लवपुरम निवासी विजय चौधरी ने बताया कि मोहिनी ने कोठी बना रखी है। उसने खुद को बसपा नेत्री बताया और बाद में घर पर मानव समाज पार्टी का एक बोर्ड लगा दिया। वह उसके घर आती थी और हाथ पकड़कर कहती कि काम कैसा चल रहा है। साझेदारी में ट्रैवल्स का काम करने को कहा और एक कार खरीदने के लिए सात लाख रुपये ले लिए। बाद में कार को अपने नाम करा लिया।
पैसे देगी या जेल जाएगी
पल्लवपुरम निवासी सोनी ने आरोपी महिला से कहा कि बता पैसे देगी या आज जेल जाएगी। जैसे ही महिलाओं ने हाथापाई की कोशिश की तो महिला पुलिस ने कमरे का दरवाजा बंद कर महिलाओं को बाहर निकाल दिया। आरोपी महिला ने कहा कि मुझे बचा लो नहीं तो ये महिलाएं मुझे मार देंगी। उधर, पुलिस ने बताया कि आरोपी महिला के खिलाफ कई मामले कोर्ट में भी चल रहे हैं।
शहर से लेकर देश तक की ताजा खबरें व वीडियो देखने लिए हमारे इस फेसबुक पेज को लाइक करें
https://www.facebook.com/AuNewsMeerut/