पत्नी से विवाद में पटरी पर सिर रखकर दी जान
माई सिटी रिपोर्टर
मेरठ। कैंट स्टेशन पर कार चालक टीटू (50) पुत्र टीकाराम ने रविवार शाम सात बजे आनंद विहार से देहरादून जा रही वंदे भारत एक्सप्रेस के सामने लेट कर आत्महत्या कर ली। पत्नी से विवाद के कारण टीटू ने मेरठ सिटी स्टेशन की ओर से आ रही वंदे भारत के आगे गर्दन पटरी पर रखकर जान दे दी।
जीआरपी ने शव कब्जे में लेकर एमएलसी धर्मेंद्र भारद्वाज की दिल्ली में रहने वाली बेटी के कार चालक के रूप में टीटू की पहचान की। टीटू गांव करनावल का मूल निवासी था। यहां मेरठ में परिवार समेत मान सरोवर कालोनी में रह रहा था। जीआरपी इंस्पेक्टर विनोद कुमार ने बताया कि किसी बात को लेकर पति पत्नी में विवाद चल रहा था। इसी से आहत होकर उसने आत्महत्या की है। परिजनों ने शव का पोस्टमार्टम कराने से इन्कार कर दिया। शव परिजनों को सौंप दिया गया। चार दिन पहले भी इसी वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन के आगे लेटकर परतापुर में रिठानी में रह रही पूजा ने आत्महत्या कर ली थी।
-
नशेड़ी दरोगा को किया निलंबित
मेरठ। एसएसपी डॉ. विपिन ताडा ने पुलिस लाइन में तैनात सब इंस्पेक्टर आशीष को निलंबित कर दिया। बताया गया है कि दरोगा के शराब पीकर हुडदंग करने और लोगों से अभद्रता करने की शिकायत मिली थी। शिकायत की जांच में आरोप सही पाए गए। जांच रिपोर्ट के आधार पर एसएसपी ने कार्रवाई की है।
-