सरधना। स्वकर प्रणाली के विरोध में नगर पालिका परिसर से उठी सभासदों की आवाज को सपा विधायक अतुल प्रधान ने विधानसभा में उठाया। विधानसभा में अतुल प्रधान ने कहा कि स्वकर प्रणाली को जिस तरह लागू करने की बात की जा रही है, उसने जनता में डर पैदा कर दिया है। इस कारण सरधना नगर पालिका के सभी सभासद व अध्यक्ष ने विरोध में चार दिन तक धरना दिया था।
विधानसभा में विधायक अतुल प्रधान ने कहा कि पालिका की ओर से स्वकर प्रणाली का ठीक ढंग से प्रचार प्रसार नहीं किया गया है। पालिका के कर्मचारी लोगों के घरों में नपाई करने के लिए पहुंच गए। इस कारण लोगों में डर है। उन्होंने कहा कि जनता पहले से ही महंगाई की मार झेल रही है। जनता के ऊपर अधिक टैक्स का बोझ डलना गलत है। उन्होंने मांग की है कि स्वकर प्रणाली को लागू करने से पहले पूरी तरह से जनता को जानकारी दी गए। साथ ही टैक्स को भी पालिका की ग्रेड के हिसाब से लगाया जाए।
विगत दिनों नगर पालिका परिसर में सभी 25 वार्डों के सभासद स्वकर प्रणाली के विरोध में अनिश्चितकालीन धरने पर बैठ गए थे। करीब चार दिन बाद प्रशासनिक अधिकारी, क्षेत्रीय सपा विधायक व भाजपा के पूर्व विधायक संगीत सोम के आश्वासन पर सभासदों ने धरना समाप्त किया था।