किठौर। थाना क्षेत्र के ग्राम राधना इनायतपुर में बृहस्पतिवार को चार दिन पूर्व लापता पोस्टमैन का शव उसी के खेत में मिलने से सनसनी फैल गई। वहीं, पुलिस ने मामले की जांचकर परिजनों से जानकारी ली।
ग्राम राधना इनायतपुर निवासी शाकिर अल्वी पुत्र शब्बीर हुसैन ने बीते मंगलवार को किठौर पुलिस को बताया कि उसका भाई जाकिर (48) पोस्टमैन था। वह 21 अक्टूबर को किठौर से दवा लेने गया था। इसके बाद नहीं लौटा। परिजनों ने उसकी तलाश की परंतु सफ़लता नहीं मिली। इसके बाद परिजनों ने थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई थी। इस मामले में बृहस्पतिवार को ग्रामीणों ने जाकिर के खेत में उसका शव पड़ा देखा तो परिजनों को जानकारी दी। पुलिस मौके पर पहुंची तथा पड़ताल की। इसके बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। इस मामले में एसएसआई विनय कुमार का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का पता चल सकेगा। हालांकि ग्रामीणों को बीमारी के चलते मौत हो जाने की आशंका है।