- ग्रामीणों ने प्रशासन से समस्या का स्थायी समाधान कराने की मांग की
संवाद न्यूज एजेंसी
सरधना। नगर पालिका क्षेत्र के कई मोहल्लों से बहकर आ रहे गंदे पानी और डेयरियों के गोबर से सरधना माइनर चोक हो गया है। माइनर से ओवरफ्लो होकर खेतों में पानी भरने से किसानों की फसलें बर्बाद हो रही हैं। ग्रामीणों ने प्रशासन से समस्या का स्थायी समाधान कराने की मांग की है।
नवाबगढ़ी से नंगला रोड, अंसार नगर, तहसील रोड, गोमती नगर और दौराला रोड तक बहने वाले गंदे पानी और गोबर के कारण माइनर की स्थिति खराब हो गई है। आरोप है कि आसपास संचालित डेयरियों से वर्षों से बिना वैकल्पिक निकासी व्यवस्था के गंदा पानी और गोबर माइनर में छोड़ा जा रहा है। इससे माइनर में गंदगी जमा होने के साथ पानी का बहाव भी बाधित हो गया है। माइनर के ओवरफ्लो होने से आसपास के खेतों में पानी भर गया है, जिससे किसानों की फसलों को नुकसान पहुंच रहा है। गंदे पानी और गोबर से उठने वाली दुर्गंध के कारण आसपास रहने वाले लोगों को भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
किसान मलखान सिंह सैनी, महेंद्र सिंह, विक्की, कैलाशचंद, संजय कुमार, सोनू, सुभाष सोम और मनीष कुमार ने एसडीएम को ज्ञापन देकर समस्या के स्थायी समाधान की मांग की थी। किसानों ने चेतावनी दी कि समयबद्ध समाधान नहीं होने पर सड़क पर आंदोलन किया जाएगा।
बयान....
मामले की जांच कराई जाएगी। नियमों का उल्लंघन करने वाले डेयरी संचालकों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। माइनर की सफाई कराने और गंदे पानी की स्थायी निकासी व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। प्रमुख सचिव स्तर से भी मामले का संज्ञान लिया गया है और जांच रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं। -उदित नारायण सेंगर, एसडीएम सरधना