संवाद न्यूज एजेंसी
दौराला (मेरठ)। भारतीय मानक ब्यूरो के गाजियाबाद शाखा कार्यालय की टीम ने बुधवार को गांव दुल्हेड़ा चौहान स्थित एक इकाई पर कार्रवाई करते हुए करीब 1,795 गैस स्टोव, प्रेशर कुकर और कुकिंग बर्तन व उनके घटक जब्त किए। कार्रवाई के दौरान टीम ने परिसर की तलाशी लेकर सामान को कब्जे में ले लिया।
बीआईएस के अनुसार, प्रवर्तन टीम का नेतृत्व उप निदेशक प्रशांत यादव और सहायक निदेशक राज कुमार ने किया। टीम ने संबंधित इकाई में तलाशी के दौरान परिसर से घरेलू गैस स्टोव की करीब 700 बॉडी, 270 तैयार गैस स्टोव, 25 घरेलू प्रेशर कुकर तथा करीब 800 कढ़ाई और डाेंगा सेट जब्त किए गए। बीआईएस के अनुसार, जब्त सामान की कुल संख्या करीब 1,795 है।
बीआईएस अधिकारियों के मुताबिक, इकाई में इन उत्पादों का निर्माण किया जा रहा था। संबंधित उत्पाद अनिवार्य बीआईएस प्रमाणन के दायरे में आते हैं और इनके निर्माण के लिए निर्धारित भारतीय मानकों का पालन तथा वैध बीआईएस लाइसेंस के तहत आईएसआई मार्क का उपयोग जरूरी है। बिना वैध लाइसेंस और अनिवार्य प्रमाणन के ऐसे उत्पादों का निर्माण बीआईएस अधिनियम-2016 और लागू क्वालिटी कंट्रोल ऑर्डर के प्रावधानों का उल्लंघन है। जब्त सामग्री को जांच और कानूनी कार्रवाई के लिए सुरक्षित रखा गया है। बीआईएस के अनुसार उपलब्ध तथ्यों और जांच के आधार पर संबंधित फर्म के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
गाजियाबाद शाखा कार्यालय की वरिष्ठ निदेशक भवानी ने कहा कि अनिवार्य प्रमाणन के दायरे में आने वाले उत्पादों का बिना वैध बीआईएस लाइसेंस निर्माण गंभीर उल्लंघन है। उन्होंने उपभोक्ताओं से सामान खरीदने से पहले आईएसआई मार्क और बीआईएस लाइसेंस की वैधता जांचने की अपील की है।