लखनऊ में परिवहन मंत्री से मिले भाजपा मंडल अध्यक्ष आलोक जैन, रात 10 बजे तक बसें चलवाने की मांग
कहा-रात साढ़े सात बजे के बाद नहीं मिलती बसें
रात 10 बसे तक बसों का संचालन कराने की मांग
संवाद न्यूज एजेंसी
सरधना। मेरठ से सरधना मार्ग पर रोडवेज बसों की संख्या बढ़ाने की मांग को लेकर भाजपा मंडल अध्यक्ष आलोक जैन ने प्रदेश के सड़क परिवहन मंत्री ठाकुर दया शंकर सिंह से मिले। उन्होंने ज्ञापन देकर उनसे मेरठ-सरधना मार्ग पर बसें बढ़ाने का अनुरोध किया।
आलोक जैन लखनऊ स्थित मंत्री के कार्यालय में उनसे मिले और ज्ञापन सौंपा। जैन ने बताया कि सरधना तहसील मेरठ जिले का एक प्रमुख क्षेत्र है, जहाँ से प्रतिदिन बड़ी संख्या में लोग मेरठ, दिल्ली और अन्य स्थानों के लिए यात्रा करते हैं लेकिनइस मार्ग पर रोडवेज बसों की संख्या बेहद कम है। शाम साढ़े सात बजे के बाद बसों का संचालन बंद हो जाता है, जिससे यात्रियों को परेशानियों का सामना करना पड़ता है। रात के समय में यात्रियों को मजबूरी में ऑटो और ई-रिक्शा का सहारा लेना पड़ता है। जिससे अधिक आर्थिक बोझ बढ़ने के साथ दुर्घटनाओं की आशंका भी बनी रहती है।
ज्ञापन में यह भी मांग की गई कि सरधना-मेरठ मार्ग पर रोडवेज बसों की संख्या बढ़ाई जाए और रात्रि 10 बजे तक बसों का नियमित संचालन किया जाए। आलोक जैन ने यह भी अवगत कराया कि 23 फरवरी से 1 मार्च 2026 तक जैन समाज का पंच कल्याणक कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इस दौरान सरधना-मेरठ मार्ग पर यात्री संख्या में भारी वृद्धि हो सकती है। ऐसे में परिवहन व्यवस्था को सुचारू बनाने और शहर को जाम से मुक्त रखने के लिए ट्रैफिक पुलिस की तैनाती की भी मांग की गई।