मेरठ। प्रदेश के ऊर्जा मंत्री और मेरठ के प्रभारी मंत्री श्रीकांत शर्मा मंगलवार को मेरठ आएंगे। श्रीकांत शर्मा प्रभारी मंत्री बनने के बाद पहली बार मेरठ आ रहे हैं। वे दोपहर 12:30 बजे सर्किट हाउस पहुंचेंगे और इसके बाद जिला चिकित्सालय का भ्रमण, सेवा सप्ताह के तहत सफाई कार्यक्रम और मरीजों को फल वितरित करेंगे। वहीं दोपहर 3 बजे सर्किट हाउस में पार्टी पदाधिकारियों और जनप्रतिनिधियों से भेंट करेंगे।
प्रभारी मंत्री का रात्रि प्रवास भी सर्किट हाउस में होगा। अगले दिन बुधवार को पत्रकारों से वार्ता करेंगे, जिसमें ढाई वर्ष की विकास योजनाओं में प्रदेश सरकार की उपलब्धियों को बताया जाएगा। रविवार रात आए श्रीकांत शर्मा के इस कार्यक्रम में पत्रकार वार्ता का स्थान और समय जिला प्रशासन को तय करने के निर्देश दिए गए हैं। श्रीकांत शर्मा भाजपा के तेज तर्रार नेताओं में शुमार हैं। उनके बारे में कहा जाता है कि वह संगठन को भी तरजीह देते हैं। ऐसे में श्रीकांत शर्मा के आगमन को लेकर पुलिस-प्रशासन के हाथ पांव फूले हुए हैं। क्याेंकि हाल ही के दिनों में कई घटनाएं ऐसी हो चुकी हैं, जिन्हें लेकर तमाम भाजपाई नाराज हैं। ऐसे में प्रभारी मंत्री के सामने तमाम मुद्दे कहीं न कहीं पुलिस-प्रशासन के सामने परेशानी खड़ी कर सकते हैं।