मेरठ। सरूरपुर में हिंडन नदी में अवैध खनन चल रहा है। मामले को लेकर ग्रामीणों ने थाना पुलिस से रेत माफिया की शिकायत की है। थाना प्रभारी निरीक्षक ने खनन माफियाओं के खिलाफ कड़ी कार्रवाई का आश्वासन दिया है।
पांचली बुजुर्ग, हर्रा और खिवाई के लोगों के मुताबिक नदी से रेत का खनन करने वालों की सुबह से ही नदी पर लाइन लग जाती है। जिसके चलते हिंडन नदी जमकर अवैध रेत खनन हो रहा है। पाबंदी के बाद भी खनन जारी है। बताया कि कई बार तहसील अधिकारियों को इसकी शिकायत की जा चुकी है।
यह भी पढ़ें: रात होते ही यहां घनघनाने लगती हैं जेसीबी, दौड़ते हैं डंफर दनादन, साठगांठ से हो रहा अवैध मिट्टी खनन
बताया कि दबंगाई दिखाते हुए माफिया ने रास्ते में पड़ने वाले किसानों के खेतों के बीच से रास्ता निकालकर फसलें नष्ट कर दीं है। शिकायत होने पर प्रशासन टीम कार्रवाई के नाम पर खानापूर्ति करती है।
आरोप लगाया कि तहसील टीम छापेमारी करती है तो हर्रा व खिवाई चौकी के पुलिसकर्मी माफिया को सूचना दे देते है। जिससे वह फरार हो जाते हैं। शिकायत करने वाले किसानों में अफसर, मुरसलीन, सदाकत, बिजेंद्र, फरमूद, साबिर आदि ने कार्रवाई की मांग की है। वहीं थाना प्रभारी सतीश कुमार ने मामले की जांच की बात कही है।