माछरा। राष्ट्रीय हनुमान दल के कार्यकर्ताओं ने नंगलामल के गन्ना विभाग अधिकारी से मिलकर गन्ना ट्रक चालक के साथ मारपीट करने की शिकायत की। तीन दिन में कार्रवाई का आश्वासन मिलने पर कार्यकर्ता लौट गए।
नंगलामल निवासी एवं राष्ट्रीय हनुमान दल के किठौर विधानसभा के मंत्री विचित्र तोमर ने बताया कि वह गन्ना केंद्रों पर गन्ना ढुलाई के लिए ट्रक चलाता है। बृहस्पतिवार को उनका ट्रक गंगा स्नान के चलते गांव ढडरा केंद्र पर पहुंचा। वहां पर नंगलामल शुगर मिल के जौन इंचार्ज अमित मलिक, दुष्यंत और तौल लिपिक विपिन कुमार ने ट्रक चालक विचित्र तोमर से ट्रक देर से लाने पर नाराजगी व्यक्त की। ट्रक चालक ने कहा कि गंगा स्नान के मेले से लोग लौट रहे थे। जगह-जगह जाम के कारण देरी हुई। वह चालक को गाली गलौज करने लगे। उन्होंने विरोध करने पर तीनों लोगों ने उसके साथ मारपीट की और जान से मारने की धमकी दी।
शुक्रवार को राष्ट्रीय हनुमान दल के जिलाध्यक्ष योगेंद्र सिंह, श्रीओम तोमर, देव तोमर नंगलामल के गन्ना मैनेजर विवेक कुमार से मिले और विचित्र तोमर पर जानलेवा हमले की निंदा की। उन्होंने तीनों आरोपियों पर कार्रवाई की मांग की।