दौराला। लावड़ मार्ग पर गांव मवीमीरा के पास सोमवार देर रात समसपुर गांव से शादी समारोह से लौट रहे दूध व्यापारी भराला गांव निवासी सोनू को कार और बाइक सवार लगभग 15 युवकों ने मारपीट कर घायल कर दिया। आरोपी उसे अधमरा छोड़कर भाग निकले। मंगलवार को ग्रामीण घायल सोनू को लेकर थाने पहुंचे और आरोपियों पर कार्रवाई की मांग की।
सोनू ने दौराला थाने में तहरीर देते हुए बताया कि वह अपनी जीप से समसपुर में शादी समारोह में गया था। उसकी जीप पर भाजपा का झंडा लगा हुआ है। लौटने समय कार व बाइक सवार दूसरे समुदाय के लगभग 15 युवकों ने उसकी जीप रोक ली और गाली गलौज करने लगे। विरोध करने पर आरोपियों ने उसे जीप से जबरन उतारकर मारपीट शुरू कर दी। आरोपी उसे अधमरा छोड़कर भाग निकले। पीछे से आ रहे अन्य परिजनों ने उसे अधमरी हालत में पड़े देखा और सीएचसी दौराला में उपचार के लिए भर्ती कराया। मंगलवार को पीड़ित ग्रामीणों के साथ थाने पहुंचा और पुलिस को जानकारी देते हुए तहरीर दी।
सीओ दौराला प्रकाश चंद्र अग्रवाल ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज पुलिस देख रही है ताकि आरोपियों की पहचान हो सके।